सुल्तानपुर लोधी : सुल्तानपुर लोधी के मोहल्ला पंडोरी में चार बेटों को नशे के कारण खोने वाली एक मां के 5वें बेटे की भी नशे के कारण गत दिन मौत हो गई। नशे के कारण हुई बेटों की मौत को लेकर उलटा पुलिस मां पर ही झूठ बोलने का आरोप लगाती नजर आई।
गौरतलब है कि मोहल्ला पड़ोरी में नशे की बहती नदी के कारण अपने चार बेटों को खोने के बाद मां के पास उम्मीद की एकमात्र किरण उसका पांचवां बेटा बचा था। पंजाब सरकार द्वारा उसके 5वें बेटे की सुध लेने के बाद, प्रशासन और पुलिस प्रशासन अपनी नींद से जागा और पंजाब केसरी में खबर छपने और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद, उसके 5वें बेटे को पहले सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती कराया। फिर जब उसकी हालत गंभीर हो गई, तो उसे गुरु नानक मेडिकल अस्पताल अमृतसर रेफर कर दिया गया, जहां शाम को उसकी भी मौत हो गई।
बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। मां की चीख-पुकार ने दीवारें भी हिला दीं और हर कोई परिवार को हिम्मत रखने के लिए कह रहा था। घर के सारे चिराग बुझ जाने के बाद पूर्व पार्षद चरण कमल पिंटा ने घर की मौजूदा हालात और मृतक के डेढ़ साल के मासूम को देखते हुए घर का गुजारा करने के लिए उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
मुझे झूठ बोलने की क्या जरूरत, मेरे बेटों की मौत नशे के कारण ही हुई
नशे के दलदल में चार बेटों को खोने के बाद एस.एस.पी. कपूरथला ने प्रैस को दिए बयान में कहा कि महिला के चारों बेटों की मौत की अलग-अलग वजहें थी। इस पर गुस्साई मां ने कहा कि बेटे तो मैंने ही पैदा किए हैं, मुझे पता है अब एस.एस.पी. बताएं कि 5वें बेटे की मौत कैसे हुई है। पीड़ित ने कहा कि मुझे झूठ बोलने की क्या जरूरत है कि मेरे बेटों की मौत ड्रग्स की वजह से हुई? उन्होंने कहा कि मैं जानती हूं कि मैंने अपने बेटों की मौत का दुख अपने कलेजे पर कैसे संभाला है और अब पुलिस अपनी गलती छिपाकर झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि जिस बेटे की मौत आग से जलकर होने की बात एस.एस.पी. कह रहे हैं, मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि उसकी मौत जलने की वजह से हुई, लेकिन रात में ड्रग्स की ओवरडोज लेने के बाद बीड़ी पीते समय उसके बिस्तर में आग लग गई। इसके अलावा जिस बेटे की जेल में हुई मौत को वजह बताया गया तो उस बेटे को पंजाब पुलिस का ही एक आरोपी नशे लेने के लिए मोटरसाइकिल पर लेकर जा रहा था जहां पकड़े जाने पर पुलिस ने अपने कर्मचारी को छोड़ दिया पर उसके बेटे पर नशे का केस कर दिया और उसे जेल में डाल दिया। मेरी क्या गलती थी, वह जेल में इसलिए मर गया क्योंकि मैंने उसे पैसे नहीं दिए
जिस घर में आग लगी हो, उसका सेक परिवार को ही पता होता है
रोती हुई मां ने कहा कि जिस घर में आग लगी हो, उसका सेक परिवार को ही पता होता है। उसने कहा कि मैं पुलिस का सहयोग करना चाहती हूं लेकिन ऐसे झूठे और गलत बयान देकर क्या पुलिस खुद को सही साबित करना चाहती है? उसने कहा कि यह सही है कि मैंने किसी से शिकायत नहीं की है लेकिन अब मैं चुप नहीं बैठूंगी। उसने कहा कि मैंने अपने 5 बेटे खो दिए हैं और अगर पुलिस किसी और के बेटे को बचा सकती है तो बचा ले, नहीं तो वे पूरी जनता के सामने सब कुछ बयान करेगी। रोती हुई मां बार-बार विलाप करते हुए बेहोश हो रही थी, उसकी तकलीफ देखकर सबका कलेजा कांप उठा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
