रायपुर: केंद्र सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों की सहायता के लिए 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की है. यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में लिया गया. इस निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ को भी 15.70 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. यह राशि वर्ष 2025 में आई बाढ़, फ्लैश फ्लड, बादल फटना, भूस्खलन और चक्रवाती तूफान मोन्था जैसी आपदाओं से हुए नुकसान को देखते हुए दी जा रही है.
NDRF से जारी होगी राशि
केंद्र सरकार यह सहायता National Disaster Response Fund (NDRF) से जारी करेगी. इसका उपयोग प्रभावित इलाकों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए किया जाएगा. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया.
पहले भी जारी हो चुकी है बड़ी राशि
वित्त वर्ष 2025-26 में आपदा प्रबंधन के लिए कई फंड से राज्यों को बड़ी रकम दी गई है इसमें State Disaster Response Fund (SDRF) से 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपये और National Disaster Response Fund (NDRF) से 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये शामिल है. इसके अलावा आपदा जोखिम को कम करने और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाने के लिए State Disaster Mitigation Fund (SDMF) से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये और National Disaster Mitigation Fund (NDMF) से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं.
केंद्र सरकार राज्य के साथ
केंद्र सरकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आपदा के समय राज्यों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है. प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. केंद्र सरकार ने बताया कि यह सहायता पहले से दी जा रही राशि के अलावा है.
