Balrampur District Hospital: जिला अस्पताल की बिल्डिंग से गिरकर महिला की मौत; संदेहास्पद परिस्थितियों में मिला शव

छत्तीसगढ़

बलरामपुर: जिला अस्पताल में सर्दी बुखार का इलाज कराने के लिए भर्ती हुई बुजुर्ग महिला की संदेहास्पद मौत हो गई है. बीती रात महिला अस्पताल की छत से नीचे गिर गई. जिसके बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है.

इलाज के लिए भर्ती महिला मरीज छत से गिरी

महिला का नाम कलेश्वरी कुमारी है, जो सेंदुर गांव की रहने वाली थी. तीन चार दिनों से जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुई थी. इस दौरान महिला का पति और बेटी भी उसके साथ थे. लेकिन इसी दौरान बीती रात छत से गिरने से महिला की मौत हो गई.

छत से गिरने सिर पर लगी गंभीर चोट

बलरामपुर सीएमएचओ डॉ विजय कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देर रात अस्पताल के गार्ड और अस्पताल की पुलिस चौकी के स्टाफ ने कलेश्वरी को अस्पताल के छत के नीचे जमीन पर घायल अवस्था में देखा. तत्काल उसे अस्पताल के अंदर ले जाया गया और प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन महिला के सिर पर गंभीर चोट लग गई थी, जिससे उसे तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया और उसकी मौत हो गई.

अस्पताल की छत से गिरकर महिला की मौत हुई है. पुलिस और अस्पताल प्रबंधन मामले की जांच कर रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा- डॉ विजय कुमार, CMHO

जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

बलरामपुर पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर सभी एंगल से जांच कर रही है. अस्पताल के छत और अस्पताल के अन्य सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. जिससे घटना कैसे घटित हुई यह तथ्य सामने आ सके. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry