अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक शादी के बंधन में बंध गए हैं. सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की यह शादी 2026 के सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल सोशल इवेंट्स में शुमार हो गई है. 3 मार्च मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में मेहंदी की रस्म निजी तौर पर आयोजित की गई, जहां क्रिकेट जगत के कई दिग्गज मौजूद रहे. मेहंदी समारोह में सचिन के करीबी दोस्त, क्रिकेटर और हस्तियां ने शिरकत की, जिनमें रवी शास्त्री, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, ज़हीर खान, इरफान पठान, यूसुफ पठान और अजीत अगरकर शामिल थे. अब शादी में भी मेहमानों का जमावड़ा देखने को मिला.
शादी समारोह का जश्न शुरू
अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक ने मुंबई में शादी की. शादी समारोह में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी के साथ नजर आए. पूर्व क्रिकेटर और चयनकर्ता अजीत अगरकर अपनी पत्नी के साथ पहुंचे हैं. राहुल द्रविड़ अपनी पत्नी विजेता पेंधारकर के साथ, किरण मोरे, अनिल कुंबले, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना और वेंकटेश प्रसाद (पूर्व क्रिकेटर और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट) भी समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं.
शादी में राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी भी रही. सचिन तेंदुलकर ने कुछ दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निमंत्रण दिया था. इनके अलावा स्पोर्ट्स स्टार्स, इंडस्ट्रियलिस्ट्स और बड़ी हस्तियां भी शामिल हुईं, जिसने इस आयोजन को और भी भव्य बना दिया.
कौन हैं अर्जुन तेंदुलकर की होने वाली पत्नी?
अर्जुन आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं और इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी बड़ी टीम का हिस्सा हैं. वहीं सानिया एक सफल एंटरप्रेन्योर हैं और मुंबई के उद्योगपति रवि घाई की पोती हैं. सानिया पेट केयर ब्रांड की मालकिन भी हैं. यह पशुओं की स्किनकेयर, ग्रूमिंग और इससे रिलेटेड प्रोडक्ट्स की सेवाएं देता है. वहीं, दोनों परिवारों के बीच पुराना रिश्ता रहा है.
