जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ‘मौत’ का तांडव! टैंकर और ट्रेलर की भिड़ंत के बाद केमिकल रिसाव से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

दिल्ली

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पावटा में जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे (NH-48) पर भीषण हादसा हो गया. यहां रविवार रात केमिकल से भरे टैंकर और ट्रेलर में भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद टैंकर में भरा केमिकल रिसाव की वजह से एक किलोमीटर तक सड़क पर फैल गया. इसकी वजह से दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. हालांकिगनीमत रही कि दोनों वाहनों के ड्राइवर बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई.

केमिकल रिसाव के कारण गाड़ियों में लगी आग करीब एक किलो मीटर तक फैल गई. इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक रोक दिया गया, जिससे कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगभग 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

टैंकर और ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग

दरअसल जयपुर-दिल्ली हाईवे 48 पर कोटपूतली के पावटा के पास रविवार रात केमिकल से भरे टैंकर और ट्रेलर की टक्कर के बाद कोहराम मच गया. देखते ही देखते केमिकल में आग लग गई और फैल गई. आग की सूचना लगते ही प्रागपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सुचना दी. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पावटा के बस स्टैंड के पास टैंकर अनियंत्रित होकर दिल्ली से जयपुर जा रहे ट्रेलर से जा टकराया और ये हादसा हो गया.

हादसे के बाद केमिकल से भरा टैंकर हाईवे पर पलट गया. जिसके बाद केमिकल रिसाव से भीषण आग लग गई. वहीं देखते ही देखते लगभग एक किलोमीटर तक का एरिया आग की चपेट में आ गया. आग की सूचना लगते ही आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं.

हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लम्बा जाम

वहीं इस हादसे की वजह से यातायात ठप हो गया, जिसकी वजह से कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई. आग तेजी से फैलने के कारण उसको काबू करने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ी. बहरोड नीमराणा शाहजहांपुर से भी दमकल टीमें बुलाई गईं. बता दें कि इस हाईवे पर पहले भी कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं लेकिन वाहन चालक इन हादसों से कोई सबक नही लेते हैं. जिसके कारण आमजन को नुकसान उठाना पड़ता है.

टैंकर बेकाबू होकर ट्रेलर से टकराई

प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम चौधरी ने बताया कि रविवार रात केमिकल से भरे टैंकर और ट्रेलर की भिड़ंत हो गई. टैंकर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था. इस दौरान पावटा बस स्टैंड के पास टैंकर बेकाबू होकर जयपुर की तरफ जा रहे ट्रेलर से टकरा गया.भिड़ंत के बाद टैंकर में भरा केमिकल 1 किलोमीटर तक सड़क पर फैल गया. इस दौरान दोनों वाहनों में आग लग गई. जो सड़क पर फैले केमिकल से बढ़ती गई और विकराल रूप ले लिया.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry