फरीदाबाद: फरीदाबाद में शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तेज बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक नई पहल की है. सफाई दरोगाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटियां वितरित की गईं, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में आसानी और तेजी से पहुंच सकेंगे. इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और स्कूटियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह पहल शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
काम की गति और निगरानी में होगा सुधार: मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि, “इन इलेक्ट्रिक स्कूटियों के माध्यम से सफाई दरोगा अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रिय रहेंगे. इससे न केवल सफाई कार्य की गति बढ़ेगी, बल्कि व्यवस्था की निगरानी भी बेहतर हो सकेगी. तकनीक और सुविधाओं का सही उपयोग शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा. इस कदम से जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी और काम की गुणवत्ता में सुधार आएगा.”
कर्मचारियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता: कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सफाई कर्मचारियों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि, “वे शहर को स्वस्थ और स्वच्छ बनाए रखने की रीढ़ हैं. सरकार उनकी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. यदि कर्मचारियों को किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा. बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर उनके काम को आसान और प्रभावी बनाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है.”
विधायक की मौजूदगी पर भी हुई चर्चा: इस मौके पर हथीन से विधायक मोहम्मद इजराइल की उपस्थिति भी चर्चा का विषय रही. इस पर मंत्री विपुल गोयल ने स्पष्ट किया कि इजराइल उनके निजी मित्र हैं, इसलिए वे कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने क्रॉस वोटिंग से जुड़े सवालों पर कहा कि, “यह विधायक का व्यक्तिगत निर्णय था और इसमें किसी प्रकार का दबाव नहीं था.”
लोगों ने पहल को बताया सकारात्मक कदम: स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है. साथ ही इसे शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है. उनका मानना है कि आधुनिक संसाधनों के इस्तेमाल से सफाई व्यवस्था में निश्चित रूप से सुधार आएगा और शहर पहले से अधिक स्वच्छ नजर आएगा.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
