Security Review: ईद, रामनवमी और सरहुल पर झारखंड पुलिस अलर्ट, DGP ने की समीक्षा बैठक; मुख्यमंत्री आज करेंगे बड़ी मीटिंग

झारखण्ड

रांची: मंगलवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय में राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्र ने रामनवमी, ईद और सरहुल को लेकर सभी जिलों के एसएसपी/एसपी के द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान पुलिस मुख्यालय में सभी वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे जबकि जिलों के एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग में जुड़े.

जिलों से ली गई तैयारियों की जानकारी

रामनवमी, ईद और सरहुल को लेकर झारखंड के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने किस तरह की तैयारी की है?, इसकी समीक्षा मंगलवार को डीजीपी तदाशा मिश्र ने पुलिस मुख्यालय में की, जिसमें तैयारियों को लेकर सभी जानकारी डीजीपी को उपलब्ध करवाई गई. बैठक में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए जिलावार विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा भी की गयी.

19 मार्च को सीएम करेंगे समीक्षा

बता दें कि 19 मार्च को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तीनों महत्वपूर्ण पर्व त्योहारों को लेकर सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. ऐसे में मंगलवार को हुई डीजीपी की बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

विभिन्न बिंदुओं पर ली गई जानकारी

झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी किए गए प्रेस रिलीज में यह बताया गया है कि समीक्षा बैठक में सभी वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षकों द्वारा आगामी त्यौहार के मद्देनजर सांप्रदायिक दंगों से संबंधित दर्ज कांडों एवं लंबित वारंटों और कुर्की जब्ती के निष्पादन की अद्यतन स्थिति, आगामी त्योहार (ईद, सरहुल एवं रामनवमी) के मद्देनजर अपेक्षित निरोधात्मक कार्रवाई, विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारी एवं बलों की उपलब्धता एवं प्रतिनियुक्ति, धार्मिक स्थलों के आसपास की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई एवं सीसीटीवी का अधिष्ठापन तथा ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन, जुलूस मागों में लगातार प्रकाश एवं पब्लिक संबोधन सिस्टम की व्यवस्था करने, संयुक्त नियंत्रण कक्ष तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, जिला एवं थाना स्तरीय शांति समिति की बैठक के साथ विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में की जाने वाली अन्य कार्रवाई से संबंधित जानकारी दी गई.

असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करें: डीजीपी

डीजीपी द्वारा सभी जिलों को राज्य में आगामी त्योहारों के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने, जुलूस के मार्गों के भौतिक सत्यापन, धार्मिक स्थलों एवं जुलूस का ड्रोन से मॉनिटरिंग करने, वैसे जिले जहाँ पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं घटित हुई हैं, उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने, घटित स्थलों पर बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति करने के साथ-साथ लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कांडो का निष्पादन करने एवं सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी तरह की अफवाह फैले तो तत्काल उसका सत्यापन करते हुए अग्रतर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस रखे

डीजीपी ने महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने, वीवीआईपी मूवमेंट में प्रभावी सुरक्षा प्रदान करने, जिला नियंत्रण कक्ष को अधिक प्रभावी रूप से कार्य करने तथा हॉट स्पॉट जगहों को चिन्हित कर उस पर विशेष निगरानी रखने, सीसीटीवी, ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था करने, सुरक्षा बलों के लिए भोजन, पानी, आवासन आदि की व्यवस्था करने, अवैध मादक पदार्थों, शराब के विरूद्ध छापामारी करने का निर्देश सभी वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षकों को दिया है.

इसके साथ ही सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक को आगामी त्यौहार के मद्देनजर अपने स्तर से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. बैठक में टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक, अभियान, डॉ. माईकलराज एस०, पुलिस महानिरीक्षक, अभियान, पटेल मूयर कनैयालाल, पुलिस महानिरीक्षक, प्रोविजन, सुनिल भास्कर, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो, दीपक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा भौतिक रूप से एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं सभी वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry