शराब की एक बोतल के लिए ‘कातिल’ बना पड़ोसी! जबलपुर में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या; गाली-गलौज के बाद खौफनाक अंजाम, आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक बोतल शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या में बदल गया. जानकारी के मुताबिक, दो लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी नशे की हालत में गाली-गलौज को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. गाली देने से नाराज आरोपी ने पास ही पड़े पत्थर और लाठी-डंडे से बुजुर्ग पर हमला कर दिया. हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

पुलिस के अनुसार, थाना पनागर में 3 मार्च 2026 को ककरहाई रपटा तालाब के पास ग्राम पड़री में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मृतक की पहचान 60 वर्षीय हल्लू कोल निवासी ग्राम छत्तरपुर के रूप में हुई. मृतक की बेटी भूरी कोल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पिछले लगभग दो सालों से ककरहाई रपटा तालाब के पास खेतों की रखवाली के लिए बनी एक झोपड़ी में रहते थे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा

3 मार्च की सुबह गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसके पिता तालाब के पास मृत पड़े हैं. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्या होना बताया गया. इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी.

आरोपी ने क्या बताया?

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई. जांच के दौरान पता चला कि 2 मार्च की शाम मृतक हल्लू कोल को आखिरी बार मैकू कोल के साथ देखा गया था. संदेह के आधार पर पुलिस ने मैकू कोल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और हल्लू कोल एक महिला के घर बैठकर शराब पी रहे थे.

गाली-गलौज बनी हत्या की वजह

बाद में दोनों एक बोतल शराब लेकर हल्लू की झोपड़ी की ओर पैदल जा रहे थे. रास्ते में शराब पीने के बाद हल्लू कोल ने मैकू कोल को गाली देना शुरू कर दिया. आरोपी ने पहले बुजुर्ग समझकर विरोध नहीं किया, लेकिन झोपड़ी के पास पहुंचने पर जब मृतक ने फिर से गाली-गलौज की तो गुस्से में आकर उसने हल्लू को धक्का दे दिया. धक्का लगने से हल्लू पत्थर पर गिर गया और उसके सिर में चोट लग गई.

इसके बाद भी गाली देना बंद नहीं करने पर आरोपी ने पास पड़ी लकड़ी उठाकर कई बार उसके सिर पर वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी ने लकड़ी का डंडा झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी मैकू कोल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry