अमेरिका-इजराइल और ईरान में जंग के बीच मिडिल ईस्ट के देशों में फंसे भारतीयों के लिए राहत की खबर है. एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस आज से दुबई, अबू धाबी और शारजाह सहित मिडिल ईस्ट के कई देशों से आने-जाने के लिए स्पेशल फ्लाइट्स का संचालन शुरू किया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एयर इंडिया पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली 58 उड़ानें संचालित करेगी. इसी तरह इंडिगो आज से मिडिल ईस्ट के 8 गंतव्यों के लिए उड़ानें शुरू करेगी.
इससे पहले भारत के विमानन मंत्रालय के अनुसार, 9 मार्च को पश्चिम एशिया से भारतीय एयरलाइंस कंपनियों ने 45 उड़ानें संचालित कीं, जिनमें 7,047 यात्री आए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने-जाने वाली कुल 36 अनियमित उड़ानें संचालित करती हैं, जो स्लॉट और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं. एयर इंडिया कंपनी का कहना है कि कहा, स्पेशल उड़ानें संबंधित भारतीय और स्थानीय अथॉरिटी से आवश्यक अनुमतियों के साथ संचालित की जा रही हैं. एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से जेद्दा के लिए एक-एक राउंड-ट्रिप संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस हैदराबाद और कोझिकोड से जेद्दा के लिए एक-एक राउंड-ट्रिप संचालित करेगी.
मस्कट के लिए शुरू होंगी उड़ानें
एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए अपनी निर्धारित सेवाएं भी संचालित करेगी, जिसमें दिल्ली, मुंबई, कन्नूर, तिरुवनंतपुरम और तिरुचिरापल्ली से एक-एक राउंड-ट्रिप और कोच्चि से दो राउंड-ट्रिप शामिल हैं.
इसी तरह, इंडिगो ने कहा है कि वह बुधवार को मिडिल ईस्ट के 8 गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित करेगी, साथ ही यूरोप के लिए चुनिंदा देशों के लिए भी उड़ानें संचालित करेगी.
यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में लगातार बदलते हालातों पर नजर रख रहा है. एयरलाइंस वहां की बिगड़ती स्थिति के जवाब में उचित परिचालन व्यवस्था कर रही हैं, जबकि यात्रियों की सुरक्षा और सेवाओं की निरंतरता सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है.
मंत्रालय ने यह भी कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने अतिरिक्त आगमन और प्रस्थान स्लॉट की सुविधा प्रदान करने का काम किया है. साथ ही दुबई, अबू धाबी, शारजाह, रस-अल-खैमाह, अल-अलन, फुजैरा, जेद्दा और मदीना सहित गंतव्यों के लिए उड़ानों के मार्ग में वैकल्पिक हवाई अड्डे के रूप में मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उपयोग की अनुमति देने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बात की है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
