लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा महाराष्ट्र के अकोला जिले में बीजेपी के एक बड़े नेता को रंगदारी के लिए धमकी दी गई है. सिग्नल ऐप के माध्यम से बीजेपी नेता से लॉरेंस गैंग के शुभम लोणकर ने दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी. जानकारी के अनुसार, गैंग ने दो करोड़ रुपए की मांग की है. बताया जा रहा है कि अकोट विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक प्रकाश भारसाकळे से दो करोड़ रुपए वसूल कर देने की धमकी बीजेपी के शहर अध्यक्ष जयंत टावरी को दी गई.
फिलहाल इस धमकी के संबंध में अकोला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. बीजेपी के शहर अध्यक्ष जयंत टावरी को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है. बताया जा रहा है कि करीब तीन से चार दिन पहले एक ऐप के माध्यम से धमकी भरा कॉल आया था. शुभम लोणकर ने कहा था कि विधायक से दो करोड़ रुपए वसूल कर दिए जाएं, नहीं शहर अध्यक्ष और विधायक दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. हालांकि, इस मामले में अकोला पुलिस ने अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया.
कौन है शुभम लोणकर?
शुभम लोणकर वही व्यक्ति है, जिसने पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था और हाल ही में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी स्वीकार करने का दावा किया है.
शुभम लोणकर मूल रूप से अकोला जिले के अकोट तालुका के नेवोरी गांव का निवासी है. इससे पहले भी अकोला पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके पास से तीन पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए थे. वह लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का करीबी बताया जाता है. बंदूक तस्करी के मामले में अकोला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था. उसे हथियार तस्करी का मुख्य सूत्रधार माना जाता है.
शुभम लोणकर-लॉरेंस बिश्नोई की बातचीत की रिकॉर्डिंग
अकोट पुलिस ने उससे हथियार खरीदने वाले तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था. वह कई दिनों तक पुणे के वारजे इलाके में रह रहा था और बाद में फरार हो गया था. बाद में उसे पुणे से गिरफ्तार किया गया था. हालांकि उसे जमानत मिल गई थी. पुलिस के पास शुभम लोणकर और लॉरेंस बिश्नोई के बीच बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है.
बताया जाता है कि उसका नेटवर्क दुबई और अन्य अंतरराष्ट्रीय अपराधियों तक फैला हुआ है. अकोला के नेवोरी गांव में उसका घर है, जहां पिछले कई दिनों से ताला लगा हुआ है. रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी उसी ने किया था.
