जमशेदपुर: जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े अज्ञात अपराधियों ने एक फल व्यवसायी पर गोली चलाई और फरार हो गए. व्यवसायी का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है. मामले को लेकर डीएसपी ने बताया कि गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत थाना से सटे प्ले ग्राउंड में अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारी है और फरार हो गए हैं. मामले में कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक गोलमुरी थाना से कुछ दूरी पर अज्ञात अपराधियों ने कन्हैया यादव नाम के युवक को गोली मार दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल के आस पास कुछ लोग मौजूद थे. अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. इस मामले में डीएसपी सुनील चौधरी ने बताया कि एक युवक को गोली लगी है, जिसका टीएमएच अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. उनकी पहचान और तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. मामले की जांच की जा रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad