मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: रतनपुर इलाके में वन विभाग की टीम ने सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया. वन विभाग का आरोप है कि कुछ लोगों ने बाहर से आकर वन विभाग की जमीन पर मकान बना लिए. नोटिस देने के बाद भी लोग वन विभाग की जमीन खाली नहीं कर रहे थे. जिसके बाद वन विभाग के अमले ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध कब्जे को हटा दिया. पीड़ित परिवारों का कहना है कि वो यहां सालों से रह रहे हैं. वन विभाग ने उनको कोई भी नोटिस अतिक्रमण से संबंधित नहीं दिया. वन विभाग का दावा है कि उनके पास दिए गए नोटिस की पावती भी मौजूद है.
वन विभाग की टीम ने हटाया अतिक्रमण
जिन लोगों के मकान वन विभाग ने तोड़े हैं उनका कहना है कि वो अब अपने छोटे छोटे बच्चों को लेकर कहां जाएं. सालों से वो यहां पर घर बनाकर रह रहे थे. वन विभाग की कार्रवाई पर अब सियासत भी शुरू हो चुकी है. कांग्रेस का आरोप है कि वन विभाग ने मनमाने तरीके से गरीबों के आशियाने उजाड़ दिए.
वन विभाग का दावा
वन परिक्षेत्र अधिकारी शंखमुनि पाण्डे का दावा है कि इन अतिक्रमणकारियों को हमारे द्वारा नोटिस दिया गया लेकिन इन लोगों ने कब्जा नहीं हटाया. वन विभाग के अधिकारी कहते हैं कि इनको 27 /7/24 और 27/ 8/24 को 2 बार नोटिस दिया गया. नोटिस देने वाले रेंजर का बाद में तबादला हो गया लेकिन इन लोगों ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया. जब ये लोग नहीं हटे तो हमने मकान जमींदोज कर दिया. हमारे पास इन लोगों की पावती भी है. सभी लोग आस पास के ही रहने वाले हैं. सभी लोगों ने अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिया था.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad