छतरपुर: शहर के एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब हिन्दू संगठन के कई लोग होटल में आ धमके. उन्होंने होटल में ठहरे एक युवक को पकड़कर पीटा और मुंह पर गोबर पोत कर थाने तक जुलूस निकाला. युवक पर कथित आरोप है कि वह लड़की का एमएमएस बनाकर लगातार परेशान कर रहा है. ब्लैकमेल करके पहले 10 हजार रुपए ले चुका है. शुक्रवार को फिर से 35 हजार लेकर लड़की को होटल में बुलाया था. इसकी शिकायत पीड़ित लड़की ने हिन्दू संगठन के लोगों से की थी.
आरोपी के मुंह पर गोबर पोत निकाला जुलूस
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शुक्रवार को ब्लैकमेल, छेड़छाड़, डराने धमकाने और एमएमएस बनाने के मामले में विशेष समुदाय के एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह मामला तब सामने आया जब लड़के ने जबरदस्ती डरा-धमका कर लड़की को एक होटल पर मिलने के लिए दबाव बनाकर बुलाया था. लड़के की ब्लैकमेलिंग से परेशान लड़की ने इसकी जानकारी हिंदू संगठन को देकर मदद की गुहार लगाई.
हिंदू संगठन ने युवक को रंगे हाथ पकड़ा
इसके बाद हिंदू संगठन ने लड़की को होटल में मिलने को कहा और लड़के को पकड़ने की योजना बनाई. प्लान के मुताबिक लड़की जैसे ही होटल के कमरे में लड़के से मिलने पहुंची. पीछे से हिंदू संगठन के लोग कमरे में पहुंच गए और युवक को लड़की को धमकाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद संगठन के लोगों ने आरोपी युवक को जमकर पीटा फिर गोबर से मुंह को पोतकर थाने तक जुलूस निकालकर ले गए.
मोबाइल में मिली आपत्तिजनक चीजें
विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र सिंह ने बताया,”धर्म विशेष का युवक एक हिंदू लड़की का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण कर रहा था. लड़की ने हम लोगों से न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी. पीड़ित लड़की ने बताया था कि पहले 10 हजार रुपये ले चुका था. अब फिर 35 हजार रुपए मांग रहा था. युवक बाबा बागेश्वर के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी करता रहता था. आरोपी के मोबाइल से कई लड़कियों की आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बरामद हुए हैं.”
साल भर से परेशान कर रहा था युवक
सीएसपी अरुण सोनी ने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.” वहीं विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र सिंह ने युवक पर बाबा बागेश्वर को गालियां देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा “आरोपी लड़की को सालों से परेशान कर रहा था.”
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
