इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात सड़क हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर आस्था सिंह की मौत हो गई। वह दोस्त के साथ ढाबे पर खाना खाने जा रही थी। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी और दोनों दूर जा गिरे। पुलिस के मुताबिक घटना तिल्लौर के समीप हुई है। मूलत: अकबरपुर कानपुर (उप्र) निवासी 23 वर्षीय आस्था पुत्री एस. सिंह सेंगर केशरबाग रोड पर किराए से रहती थी।
बीटेक कर चुकी आस्था निजी कंपनी में नौकरी करती थी। उसके पिता कानपुर में खेती करते हैं। रिश्तेदार कुलदीप सिंह के मुताबिक आस्था देर रात ग्राम डिकवा रतलाम निवासी जितेंद्र जाट के साथ खाना खाने राजपूत ढाबा जा रही थी। तिल्लौर के पास हादसा हुआ।
घायल अवस्था में उसे खंडवा रोड स्थित ट्रामा सेंटर अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन स्थिति देखकर डॉक्टर ने रिंग रोड स्थित दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। रविवार तड़के आस्था की उपचार के दौरान मौत हो गई। जितेंद्र की हालत भी गंभीर है। जानकारी के मुताबिक जितेंद्र और आस्था के कुछ साथी भी खाना खाने जा रहे थे। पीछे छूटने के कारण जितेंद्र तेज गति में जा रहा था। आस्था चार महीने पूर्व ही आई थी।
इधर… अंधे मोड़ पर पलटी कार एयर बैग खुलने से बचे
स्कीम-36 में शनिवार रात एक हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार पलट गई। हालांकि एयर बैग खुलने से कार सवार बच गए। घटना बीसीसी चौराहा से थोड़ी दूर की है। कार क्रमांक एमपी 13 जेडएल 1111 स्कीम-136 की तरफ से आ रही थी। चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं कर सका और फुटपाथ पर चढ़कर गड्ढे में गिर गई।
कार सवारों को चोट नहीं आई, पर कार क्षतिग्रस्त हो गई। कांच फूट गए और एयर बैग खुल गए। एक अन्य घटना तेजाजी नगर स्थित बायपास पर हुई है। तेज रफ्तार में आ रही कार (एमपी 09 जेडएम 0482) पलट गई। कार में युवक बैठे थे। राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। चालक को चोट लगी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad