लुधियाना : पंजाब की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, ‘आप’ अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने सुनील जाखड़ की चुनौती को स्वीकार कर लिया है। आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने भाजपा पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के हाल ही में दिए गए उस बयान का खुलकर स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने राजनीति में पारदर्शिता और जवाबदेही की वकालत की है। जाखड़ ने सुझाव दिया था कि सभी राजनीतिक नेताओं को ड्रग टेस्ट करवाना चाहिए और अपनी संपत्ति का खुलासा करना चाहिए, जिसकी शुरुआत पार्टी अध्यक्षों से होनी चाहिए।
‘आप’ पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की स्थापना अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही लाने के विजन के साथ की थी। मैं आभारी हूं कि अब अन्य पार्टियां भी इस विजन को अपना रही हैं। इस दौरान उनके साथ मंत्री लालचंद कटारूचक्क और वरिष्ठ प्रवक्ता नील गर्ग भी थे। मंत्री अमन अरोड़ा ने जाखड़ की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि एक सत्ताधारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है कि मैं उदाहरण पेश करूं। मैं इस पहल का स्वागत करता हूं और अपनी संपत्ति का ब्योरा, जो पहले से ही उपलब्ध है, का खुलासा करने और जाखड़ द्वारा बताए गए समय और स्थान पर ड्रग टेस्ट कराने के लिए तैयार हूं। आइए इस टेस्ट को मीडिया और मेडिकल प्रोफेशनल्स की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से करें।
जाखड़ से इस पहल का दायरा बढ़ाने का आग्रह करते हुए अरोड़ा ने कहा कि इसे पंजाब तक ही सीमित क्यों रखा जाए? पूरे देश में ईमानदार नेतृत्व की जरूरत है। मैं सुनील जाखड़ से अनुरोध करता हूं कि वह इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा करें। अमन अरोड़ा ने कहा कि, मैं ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से भी सलाह मशविरा करूंगा ताकि यह पारदर्शिता पूरे देश में फैले। अरोड़ा ने जवाबदेही के महत्व पर भी जोर दिया और जाखड़ से अब अपनी बात से पीछे न हटने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आपने कुछ अच्छी शुरुआत की है और मैं इसमें आपके नेतृत्व की सराहना करता हूं। आइए हम इसे देश भर की सभी पार्टियों के लिए एक उदाहरण बनाएं। देश ईमानदार नेताओं का इंतजार कर रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
