रांची/खूंटी: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है. पीड़िता फिलहाल खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती है, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा उसकी चिकित्सकीय जांच कर इलाज जारी है.
पीड़िता का पड़ोसी है आरोपी
मुरहू के थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा ने ईटीवी भारत को बताया कि घटना 13 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है. 15 अप्रैल को पीड़िता की ओर से थाने में सूचना दी गई. आरोपी पीड़िता के घर के पास किराये पर रहता था. आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर यह कहकर अपने साथ ले गया कि उसकी पत्नी मायके से आई है और उसे लाना है.
15 अप्रैल को दर्ज हुआ मामला
इसके बाद आरोपी बच्ची को एक सुनसान स्थान पर बने एस्बेस्टस के अर्धनिर्मित घर में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकी दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए. दो दिन बाद 15 अप्रैल को बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसने मुरहू क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली अपनी दीदी को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर थाना पहुंचे, जहां उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने बच्ची को पहले मुरहू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा लेकिन वहां महिला चिकित्सक नहीं होने के कारण उसे तुरंत खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में पीड़िता के इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और उसकी सुरक्षा में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
