गुना: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपति ने उम्र के आखरी पड़ाव पर बीती रात आत्महत्या कर ली. बुजुर्ग दंपति ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका कोई ठोस कारण अभी सामने नहीं आया है. घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है.
घर पर मौजूद थे केवल बुजुर्ग दंपत्ति
गुना के सोनी कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार गोयल एक सरकारी वकील थे और उनकी उम्र 70 वर्ष थी. वहीं, उनकी पत्नी 65 वर्षिय किरण गोयल रिटायर्ड शिक्षिका थीं. उनका बेटा चंदेरी में एडीपीओ के पद पर पदस्थ है और वह अपने परिवार के साथ छुट्टियों में बाहर गया हुआ था. इसी दौरान घर में अकेले रह रहे दंपत्ति ने आत्महत्या कर ली.
लंबे समय से किरण गोयल का चल रहा था इलाज
इस मामले में पंकज कुमार गोयल ने बताया कि “ये मेरे दादा-दादी थे. कल शाम को मेरी बात हुई थी. मुझे पड़ोसी ने घटना को लेकर फोन पर जानाकरी दी. जिसके बाद मैं दौड़ता हुआ घर पहुंचा, तो बाहर पुलिस खड़ी थी. जब मैंने अंदर जाकर देखा, तो दादी बेड पर मृत पड़ी हुई थीं और दूसरे कमरे में दादा का शव था. दादी किरण गोयल का काफी लंबे समय से इलाज चल रहा था. इस वजह से वो काफी तनाव में रहती थीं.”
घटना की जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में गुना एसपी हितिका वासल ने बताया कि “पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनी कॉलोनी में 2 लोगों ने आत्महत्या की है. इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोनों का पीएम करवाया जा रहा है. इस मामले को लेकर पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है.”
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
