9 साल की बच्ची से रेप के बाद मर्डर, सूटकेस में मिला शव; चोट के निशान बयां कर रहे बर्बरता की कहानी

दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बेहद शर्मनाक घटना हुई है. यहां उत्तर पूर्वी दिल्ली में थाना दयालपुर के नेहरू विहार में एक नौ साल की लड़की के साथ रेप कर हत्या को अंजाम दिया गया है. लड़की का शव एक बंद मकान के अंदर सूटकेस में मिला है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना शनिवार रात करीब पौने नौ बजे की है. आशंका है कि बच्ची के साथ रेप और मर्डर कहीं और किया गया.

बाद में शव को इस बंद मकान में ठिकाने लगाया गया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक बच्ची का शव उसके पड़ोस में एक बंद मकान के अंदर मिला है. ऐसे में आशंका है कि वारदात भी बच्ची के किसी पड़ोसी ने अंजाम दिया है और पहचाने जाने के डर से उसने बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी. बाद में उसने शव को सूटकेस में बंदकर इस मकान में ठिकाने लगाने का प्रयास किया.

वारदात के बाद सूटकेस में ठूंस दिया था शव

पुलिस के मुताबिक बच्ची का शव उसके पिता को मिला था. वह खुद ही उसे लेकर जेपीसी अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया था. पुलिस के मुताबिक बच्ची शनिवार की शाम से ही लापता थी. परिजन उसकी तलाश करते हुए पास के खाली मकान में पहुंचे तो उन्हें संदिग्ध सूटकेस नजर आया. खोलकर देखा तो उसमें बच्ची को ठूंस कर भरा गया था. परिजनों के मुताबिक उस समय बच्ची अचेत थी. उसके चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे.

पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ केस

आनन फानन में उसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया हैं. इस संबंध में बच्ची के पिता की तहरीर पर दयालपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. मामले की जांच के लिए पुलिस ने अलग अलग टीमों का गठन किया है. इसके अलावा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry