स्मृति मंधाना को किसने दिलाया गुस्सा? अगले ही मैच में रचा इतिहास, अब खुला ये राज

खेल

भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला जमकर चल रहा है. महिला वर्ल्ड कप 2025 से पहले वह काफी अच्छी फॉर्म में नजर आ रही हैं. उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक दमदार शतक जड़ा. बता दें, स्मृति मंधाना तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाली भारत की इकलौती महिला खिलाड़ी हैं. उन्होंने ये कारनामा इसी साल जून में किया था. लेकिन इस रिकॉर्ड के पीछे एक मजेदार कहानी छिपी हुई है, जिसका खुलासा हाल ही में उनकी साथी खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने किया.

स्मृति मंधाना को किसने दिलाया था गुस्सा?

स्मृति मंधाना ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 106 रन की पारी खेलकर पहला वनडे शतक जड़ा था. टेस्ट में उन्होंने पहला शतक 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था. वहीं, जून के महीने में इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ 62 गेंदों पर 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 112 रन बनाए थे. ये उनका पहला टी20I शतक था. इसी के साथ वह तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई थीं. इस ऐतिहासिक कारनामे के बारे में बात करते हुए हाल ही में जेमिमाह रॉड्रिग्स ने एक बड़ा खुलासा किया. जेमिमा रोड्रिग्स ने बताया कि इसके पीछे की वजह राधा यादव थीं.

दरअसल, राधा यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ इस टी20 सीरीज से पहले स्मृति मंधाना से कहा था कि तुम अपना टैलेंट खराब कर रही हो. क्योंकि तुम्हारा तीनों फॉर्मेट में शतक नहीं है. स्मृति मंधाना को ये बात इतनी चुभी कि उन्होंने अगले ही मैच में ये कारनामा कर दिखाया. स्टार स्पोर्ट्स की ओर से हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो में जेमिमा रोड्रिग्स ने इस रिकॉर्ड पर बात करते हुए कहा, ‘हम लोग एक दिन कॉफी पी रहे थे और राधा यादव ने स्मृति मंधाना से कहा कि तुम अपना टैलेंट खराब कर रही हो. तुम्हारा तीनों फॉर्मेट में शतक होना चाहिए. वहीं, अपना मुकाबला टी20 मैच था और मंधाना ने शतक जड़कर राधा को थम्स अप किया था.’

भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक

स्मृति मंधाना भारत की सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं. वह अभी तक टेस्ट में 2, वनडे में 12 और टी20I में एक शतक लगा चुकी हैं. यानी इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम 15 शतक दर्ज हैं. वह भारत के सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry