लुधियाना: लुधियाना से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जालंधर के एक युवक से शादी करने के 2 दिन बाद ही दुल्हन ने अपने आशिक के साथ भागने की कोशिश की। इसी बीच उसके आशिक का मोटरसाइकिल बंद हो गया। लड़का मोटरसाइकिल छोड़कर अकेला भाग गया। दुल्हन के पति ने करीब आधा किलोमीटर तक उसका पीछा किया और लोगों की मदद से उसके आशिक को पकड़ लिया।
यह मामला बुधवार का बताया जा रहा है। इसको लेकर लुधियाना के सराभा नगर थाने में बुधवार रात से लेकर गुरुवार सुबह तक हंगामा चला। अंत में दोनों पक्षों के बीच पंचायत समझौता हो गया। ससुराल वालों का आरोप है कि लड़की 7 साल से लड़के से प्रेम करती थी, लेकिन शादी से पहले उन्हें इस बारे में धोखे में रखा गया।
जालंधर निवासी युवक ने बताया कि एक साल पहले उसका रिश्ता लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में रहने वाली लड़की के साथ हुआ था। उनकी शादी 25 फरवरी को हुई थी। शादी के बाद वे अपने घर पहुंचे और सभी रस्में पूरी कीं। 27 फरवरी को वह पत्नी के साथ पगफेरे के लिए अपने ससुराल गया था। वहां से लौटने के बाद जब वे लोग वापस आ रहे थे तो एक लड़का मोटरसाइकिल पर बाजार में आया और उसने लड़की के सामने अपनी मोटरसाइकिल लगा दी। लड़की जल्दी से उसकी मोटरसाइकिल के पीछे बैठ गयी। जब वे दोनों वहां से भागने लगे तो लड़के की मोटरसाइकिल बंद हो गई। इस पर उसने अपनी पत्नी को पकड़ लिया, उसे मोटरसाइकिल से उतार दिया और लड़के को धक्का देकर दूर कर दिया। लड़का मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से भागने लगा। लोगों की मदद से उसे करीब आधा किलोमीटर दूर से पकड़ लिया।
मामला जब थाने पहुंचा तो दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दूल्हे ने बताया कि दुल्हन के माता-पिता ने शादी से पहले कहा था कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए शादी का सारा खर्च उन्होंने खुद उठाया था और लड़की को गहने भी दिए थे लेकिन शादी के 2 दिन बाद ही लड़की ने अपने पुराने आशिक के साथ भागने की कोशिश की।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
