विराट कोहली इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में हैं जहां वो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेल रहे हैं. गाबा टेस्ट खत्म होने के बाद टीम इंडिया अब मेलबर्न पहुंच चुकी है और वहां पहुंचते ही विराट कोहली एक बड़े विवाद में फंस गए हैं. दरअसल मेलबर्न पहुंचते ही विराट कोहली की एक महिला पत्रकार से बहस हो गई. विराट कोहली एयरपोर्ट पर काफी देर तर महिला रिपोर्टर से बहस करते रहे. अब सवाल ये है कि आखिर क्यों विराट कोहली महिला पत्रकार पर गुस्सा हुए? दरअसल ऑस्ट्रेलियाई पत्रकारों ने विराट कोहली के बच्चों की तस्वीर खींच ली जिसके बाद ये दिग्गज खिलाड़ी भड़क गया.
विराट कोहली की महिला पत्रकार से बहस
विराट कोहली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो महिला पत्रकार से बातचीत कर रहे हैं. विराट बातचीत करते हुए काफी गुस्से में नजर आ रहे हैं. इसके बाद विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई पत्रकारों को कहा कि आप लोग मेरी इजाजत के बिना मेरे बच्चों की फोटो नहीं खींच सकते हैं. हालांकि चैनल 7 का दावा है कि उनके बच्चों की कोई फोटो क्लिक नहीं की गई ना ही उनका वीडियो बनाया गया. विराट कोहली ने सभी को कहा कि उन्हें प्राइवेसी की जरूरत है और उनकी इजाजत के बिना कोई उनका वीडियो नहीं बना सकता.
विराट कोहली की ऑस्ट्रेलियाई पत्रकारों और फोटो जर्नलिस्ट से बहस का मुद्दा पूरे ऑस्ट्रेलिया में छा गया है. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया विराट कोहली का आलोचना कर रही है. वैसे विराट और ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के संबंध हमेशा से ही अच्छे नहीं रहे हैं. अपने पहले दौरे पर भी वो ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से उलझ गए थे. लेकिन इस बार मुद्दा कुछ अलग है.
मेलबर्न टेस्ट
मेलबर्न में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट 26 दिसंबर से खेला जाएगा. टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. पर्थ टेस्ट भारत ने जीता था. एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली. ब्रिसबेन टेस्ट ड्रॉ रहा. अब मेलबर्न में कौन सीरीज में बढ़त बनाएगा ये देखना दिलचस्प रहेगा.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad