भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चाओं में बने हुए कथित लव जिहाद के मुख्य आरोपी फरहान ने पुलिस हिरासत में पुलिसकर्मियों से पिस्तौल छीनने की कोशिश की, जिसके बाद उसके पैर में गोली लग गई। कल देर रात के इस घटनाक्रम के बाद आरोपी फरहान को गोली लगने के कारण स्थानीय हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अशोका गाडर्न थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस का एक दल मुख्य आरोपी फरहान को अन्य आरोपियों की तलाश और अपराध की पूछताछ के संबंध में कल रात एक वाहन में ले जा रहा था। तभी उसने लघुशंका जाने के लिए कहा, इसलिए उसे वाहन से नीचे उतारा गया। उसके साथ एक पुलिस कर्मचारी विजय भी नीचे उतरा। इसी बीच फरहान ने विजय की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और इसी झूमाझटकी में गोली चल गई, जो फरहान के पैर में लगी। उन्होंने कहा कि फरहान को इलाज के लिए यहां हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस कर्मचारी विजय के कपड़े फट गए और वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के सिलसिले में वैधानिक कारर्वाई की जा रही है।
बता दें कि राजधानी के एक निजी संस्थान की छात्राओं के साथ दुष्कर्म, उनके वीडियो बनाने, उन्हें ब्लैकमेल करने और कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने संबंधी मामले का खुलासा हाल में हुआ है। पांच छात्राओं की ओर से अशोका गाडर्न, ऐशबाग और बाग सेवनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई हैं। इन घटनाओं के सिलसिले में फरहान समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अभी इस मामले की जांच चल रही है और आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad