रतलाम-जावरा फोरलेन पर पुलिस की चेकिंग के दौरान हुआ विवाद, भड़के लोगों ने लगाया जाम

मध्य प्रदेश

रतलाम, जावरा। रतलाम जिले के जावरा में शुक्रवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति से पुलिसकर्मियों की बहस के दौरान वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी ने संबंधित व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की तो झूमाझटकी हो गई। इसके बाद आसपास के लोगों, ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में रतलाम-जावरा फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया।

रतलाम-जावरा फोरलेन पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों के पहुंचने से करीब दो घंटे से भी ज्यादा समय तक वाहन थम गए। एडिशनल एसपी राजेश खाखा ने ग्रामीणों को समझाया, इस दौरान मौके पर मौजूद दो एएसआई को लाइन अटैच किए जाने की कार्रवाई के बाद जाम खत्म हुआ।

दरअसल पुलिस की टीम शुक्रवार को रतलाम नाके के समीप वाहन चेकिंग कर रही थी। जिन वाहनों के दस्तावेज नहीं मिले उनके विरुद्ध चालानी करवाई की गई। शाम करीब छह बजे ग्राम अरनियागुर्जर निवासी देवीसिंह गुर्जर को रोककर पुलिसकर्मियों ने बाइक के दस्तावेज मांगे।

चालानी कार्रवाई को लेकर हुई झड़प

इस दौरान पुलिसकर्मी और देवीसिंह के बीच चालानी कारवाई कि बात को लेकर झड़प हो गई। देवीसिंह ने ग्रामवासियो को सूचना दी तो विरोध में ग्रामीण फोरलेन मार्ग पर पहुंचे और शाम करीब 7 बजे चक्काजाम कर दिया। इससे फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

रात 10 बजे खत्म हुआ जाम

सूचना मिलते ही सीएसपी दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान, थाना प्रभारी जितेंद्र पालसिंह जादौन, औद्योगिक थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम दल के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक पुत्र प्राजंल पांडेय ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, तब देवीसिंह को लोग अस्पताल लेकर गए। इस बीच एएसपी राकेश खाखा मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब रात 10 बजे जाम खत्म किया गया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry