ग्वालियर: बंधन गार्डन में गरबा-डंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रतिभागी अभ्यास में सुबह-शाम कड़ी मेहनत कर रहे हैं। गरबा-डंडिया में रजिस्ट्रेशन 25 सितंबर तक किए जाएंगे। प्रतिभागी विशेष डांस टिप्पणी की रिहर्सल पूर्ण मनोयोग से ट्रेनर के दिशा-निर्देशों के अनुसार कर रहे हैं। गरबा-डंडिया के अभ्यास के साथ-साथ भक्ति व भावपूर्ण नृत्य के लिए प्रतिभागियों ने ड्रेस व ज्वैलरी सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दीं हैं।
बंधन गार्डन में पिछले 25 दिन से गरबा-डंडिया नृत्य के एक स्टेप्स का ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। युवाओं में गरबा को लेकर विशेष उत्साह नजर आ रहा है। गरबा के बारीकियों को समझकर प्रतिभागी निरंतर अभ्यास में जुटे हुए हैं।
अहमदाबाद से मंगा रहे लहंगा-चुनरी
अभ्यास के साथ प्रतिभागियों ने अन्य तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। युवतियां व महिलाएं अहमदाबाद से आकर्षक लहंगा-चुनरी व ज्वैलरी मंगा रहीं हैं। पुरूष भी परिधान के मामले में महिलाओं से पीछे नहीं हैं। गुजरात की पारंपरिक ड्रेस में रूचि दिखा रहे हैं।
महाराजबाडा के आसपास गरबा डांडिया परिधान की 25 से 30 दुकान
शहर में गरबा डांडिया परिधान की 25 से 30 दुकान हैं। जहां गुजरात और जयपुर से परिधान मंगाए जाते हैं। इनमें गुजरात परिधान की सबसे ज्यादा डिमांड रहती है। दुकानदार बताते हैं कि अभी तक सात हजार से ज्यादा परिधान की बुकिंग हो चुकी है। साथ ही कुछ युवतियां व कपल परिधान से संबंधित जानकारी लेकर जा रहे हैं। किराये से परिधान एक दिन के लिए 300 रुपये में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बाद जितने दिन किराये पर परिधान रहते हैं उनकी कीमत दिन के हिसाब से ही ली जाती है।
गरबा डांडिया टैटू के लिए आ रही पूछताछ
टैटू आर्टिस्ट शिवा बताते हैं कि गरबा डांडिया महोत्सव में हिस्सा लेने वाले कपल और युवतियां टैटू बनवाने के लिए क्वेरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरबा डांडिया के लिए ज्यादातर अस्थायी टैटू कपल व युवतियां बनवाती हैं। युवक व युवतियां अभी सिर्फ पूछताछ करने आ रहे हैं। अस्थायी टैटू 200 से 600 रुपये तक बनाए जाते हैं।
सालभर से रहता है नवरात्र का इंतजार
नवरात्र के दिनों में गरबा-डांडिया इवेंट का लोग जमकर लुत्फ उठाते हैं। खासकर युवतियां और कपल जो सालभर से इन नौ दिनों का इंतजार करते हैं। वर्किंग वुमन से लेकर गृहणी सभी नवरात्र में गरबा के रंग में रंग जाती हैं। इसके लिए विशेष परिधान के साथ-साथ ज्वेलरी की भी खरीदारी होती है। यहां तक की महिलाएं इस महोत्सव के लिए अब कोरियोग्राफर से विशेष क्लासेस भी लेती हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad