भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि राज्य में मऊगंज जैसी घटना दोबारा ना हो, इसके लिए सभी जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई है। डॉ यादव ने अपने बयान में कहा कि मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई दुर्भाग्यपूर्ण हिंसक घटना के संदर्भ में कल देर रात जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) को तत्काल प्रभाव से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर प्रभारी मंत्री को भी भेजा गया है। पुलिस एवं प्रशासन को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा है। प्रदेश के सभी जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी कोई भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति नहीं होना चाहिए।
बता दें कि बीते शनिवार को जब मऊगंज में एक बंधक युवक को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर आदिवासियों ने हमला कर दिया था। इस हमले में ASI रामचरण गौतम की मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही बंधक बनाए गए युवक को आदिवासियों ने मार डाला था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस-प्रशासन पर स्थिति को नियंत्रित करने में नाकामी के आरोप लगे थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad