अमृतसर : जिला अमृतसर देहाती की पुलिस ने बैंक डकैती करने जा रहे गिरोह का पर्दाफाश किया है। इसमें थाना रमदास की पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना रमदास के एस.आई. गोरा इकबाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना शेर सिंह के रूप में हुई है। दूसरी ओर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान सरगना के साथियों राजा, राजन सिंह, विशाल, राहुल व गुरप्रीत सिंह शहीद के रूप में हुई है, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।
एस.आई. गोरा इकबाल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के उक्त आरोपी सदस्य सरगना के साथ लूटपाट करने के आदी हैं, जो आज गांव गगो माहल स्थित एच.डी.एफ.सी. बैंक में डकैती करने की योजना बना रहे हैं। एस.आई. ने बताया कि सूचना के अनुसार पता चला कि आरोपियों की ओर से गांव गगो माहल स्थित एच.डी.एफ.सी. बैंक की पूरी रैकी कर ली गई है और उसमें डकैती डालने की पूरी योजना तैयार कर ली गई है। इसके बाद आरोपी बैंक में डकैती डालने जा रहे हैं।
इस पर तुरंत हरकत में आई पुलिस की ओर से टीम बनाकर ट्रैप लगाकर सरगना सहित उक्त गिरोह के सभी मैंबरों को गिरफ्तार कर लिया गया। एस.आई. ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ़ केस दर्ज कर उन्हें अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिसके बाद उनसे गहनता के साथ पूछताछ की जा रही है।
एस.आई. के अनुसार पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और उनके आगे और पीछे के सभी लिंकों को लेकर जानकारी जुटा रही है, जिससे और भी जानकारियां जुटाई जा सकें। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य खुलासे होने की संभावना है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
