जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उरी क्षेत्र में संयुक्त घुसपैठ विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान, आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया, लेकिन जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो आतंकवादी को ढेर कर दिए। मुठभेड़ स्थल से एके-47 राइफल, दो एके मैगजीन, 57 एके राउंड, दो पिस्तौल, तीन पिस्तौल मैगजीन और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है ।
इससे पहले, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिसमें विभिन्न राज्यों के पर्यटक शामिल थे। इस हमले के बाद, सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। बारामूला में हुई मुठभेड़ इस बात का संकेत है कि आतंकवादी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन सुरक्षाबलों की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से उनकी साजिशों को नाकाम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध के पीछे जो लोग भी हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, “प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता की जा रही है। इस जघन्य अपराध के पीछे जो लोग भी हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।”
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
