पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर थाना अंतर्गत लमतरा में जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के 60 वर्षीय बुजुर्ग बलिराम यादव की कुछ लोगों ने रास्ता रोककर बेरहमी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी और डंडों से किए गए हमले में बलिराम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
शाहनगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बलिराम यादव और झुक्का यादव के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। मंगलवार को बलिराम यादव किसी निजी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने कुल्हाड़ और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बलिराम यादव को परिजन 100 डायल की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर लेकर पहुँचे, जहाँ ड्यूटी डॉक्टर सर्वेश कुमार लोधी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के अनुसार झुक्का यादव, हल्काई यादव, जलेश यादव, झुक्का यादव की पत्नी धना यादव और जलेश यादव की पत्नी ने मिलकर कुल्हाड़ी और डंडों से पीट-पीटकर बुजुर्ग को मार डाला।”थाना प्रभारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर पाँचों नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है और विवेचना शुरू कर दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
