पन्ना टाइगर रिजर्व में 3 बाघों ने किया महिल पर हमला, गांव के लोगों में दहशत

मध्य प्रदेश

पन्ना: पन्ना टाइगर रिजर्व में हिनौता के पास सोमवार की सुबह तीन बाघ शावकों ने एक वृद्ध महिला का शिकार किया। बताया जाता है कि यह महिला गांव की ही चार अन्य महिलाओं के साथ हिनौता बफर जोन से लगे कोर एरिया में पशुओं के लिए चारा काटने गई थी। इसी दौरान वो बाघ-शावकों के हमले का शिकार हो गई। इधर वन अमले में मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन स्थित हिनौता में रहने वाली 58 वर्षीय फूला बाई साहू गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ चारा काटने के लिए जंगल में गई थी। जिस जगह ये महिलाएं चारा काट रही थीं, उससे कुछ ही दूरी पर जंगल का कोर एरिया भी रहा। इसलिए वहां ग्रामीणों की आमदरफ्त होती रहती थी।

जब ये महिलाएं रोज की तरह सोमवार की सुबह करीब 10 बजे जंगल के अंदर पहुंचीं, तो उनमें से एक फूला बाई पर तीन बाघ शावकों ने हमला बोल दिया। फूला की मौत के बाद भी बाघ शावक उसके शव को यहां से वहां घसीटते रहे। काफी मशक्कत के वन अमला उन शावकों को महिला के शव से दूर कर पाया।

पी-243 के बच्चे हैं तीनों शावक

जिन बाघ शावकों ने वृद्धा पर हमला किया उनकी उम्र 22-22 महीने बताई जा रही है। ये तीनों हिनौता के आसपास कोर एरिया में सक्रिय बाघिन पी-243 के बच्चे हैं। सोमवार को हुई घटना के बाद पार्क प्रबंधन ने पर्यटकों की साइटिंग बंद कर पर्यटकों को पार्क से सुरक्षित बाहर निकालना प्रारंभ कर दिया।

पहली बार हमला

साथ ही बाघ शावकों और उनकी मां पी-243 की ट्रेकिंग प्रारंभ कर दी है। बता दें कि जिस बफर जोन की यह घटना है, वहां करीब 10 गांव आते हैं, इस लिहाज से पार्क प्रबंधन ताजा घटनाक्रम को लेकर सकते में है। वन अमले के लिए चिंता की एक वजह यह भी है कि इस क्षेत्र में मानव पर बाघ के हमले की यह पहली घटना है। इधर ग्रामीणों में भी भय का माहौल व्याप्त है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry