भोपाल, नर्मदापुरम। भारतीय जनता पार्टी अपने सांसदों और विधायकों के साथ ही मंत्रियों को भी सैद्धांतिक, व्यावहारिक एवं अन्य विषयों का पाठ पढ़ाएगी। इसके लिए 14 से 16 जून तक पचमढ़ी में प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा के इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शनिवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दोपहर तीन बजे करेंगे। समापन 16 जून को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
इस नियमित प्रशिक्षण वर्ग में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों, विधायकों सहित 201 जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष तीनों दिन वर्ग में प्रशिक्षण देंगे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सीआर पाटिल, शिवराज सिंह चौहान, सावित्री ठाकुर, एल. मुरुगन, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह अलग-अलग सत्रों में सांसदों-विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे।
जनसंघ से लेकर आज तक की यात्रा पर प्रदर्शनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 वर्ष की उपलब्धियों और भाजपा की जनसंघ से लेकर वर्तमान तक की यात्रा पर केंद्रित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
एक पेड़ मां के नाम अभियान
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सभी सांसद और विधायक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी करेंगे। शर्मा ने कहा कि इसमें संगठन के साथ कैबिनेट के मंत्री उपस्थित रहेंगे। अलग-अलग विषयों पर अतिथि चर्चा करेंगे। भाजपा किस तरह संगठन मजबूती के साथ काम कर रही है, इन सारे मुद्दों पर चर्चा होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
