बरनाला: किसानों की ओर से 30 दिसंबर को पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। इस बंद के तहत सड़कों, रेलवे, सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इस बंद का मकसद किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की मांगों की ओर ध्यान आकर्षित करना है, जो इस समय आमरण अनशन पर हैं। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने पंजाब बंद की अपील की है।
पंजाब व्यापार मंडल ने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया है कि बाजार बंद नहीं होंगे। मंडल का कहना है कि बार-बार बंद की घोषणा से राज्य की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक असर पड़ता है। पंजाब व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष और व्यापार मंडल बरनाला के अध्यक्ष अनिल बांसल नाना ने कहा कि किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए भी बाजार बंद करना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि बार-बार बंद की घोषणा से राज्य की आर्थिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं।
उन्होंने कहा, “पंजाब पहले ही आतंकवाद, महामारी और आर्थिक संकट का सामना कर चुका है। अब जब कारोबार पटरी पर लौट रहा है तो बार-बार बंद की घोषणा अस्वीकार्य है। किसानों की ओर से आज पेट्रोल पंप, गैस स्टेशन, दुकानें, दफ्तर आदि बंद रखने के साथ ही यातायात भी बंद रखने का ऐलान किया गया है।आज दिन निकलते ही इसका असर दिखना शुरू हो गया है। आज सुबह पटियाला और टांडा में सब्जी मंडी बंद रही। इसके साथ ही पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी किसानों द्वारा रोष प्रदर्शन करते आवाजाही बंद कर दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
