पंजाब पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, गैंगस्टर मॉड्यूल के 2 सदस्य गिरफ्तार

पंजाब

जालंधर/चंडीगढ़ : पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रहे अभियान के बीच एक बड़ी सफलता में, पंजाब पुलिस के काऊंटर इंटैलीजैंस (सी.आई.) पठानकोट ने एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जिसके 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से 2 अत्याधुनिक 9एम.एम. ग्लॉक पिस्तौल, 4 मैगजीन और 14 कारतूस बरामद किए गए हैं, यह जानकारी पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बटाला के राऊवाल निवासी सुनील कुमार उर्फ आशु और बटाला के रायमल निवासी दिलप्रीत सिंह उर्फ दिल के रूप में हुई है। आरोपी सुनील उर्फ आशु का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उसे 27 फरवरी, 2024 को गुरदासपुर जेल से जमानत पर रिहा किया गया था। डी.जी.पी. ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने अपने संचालकों के निर्देश पर अमृतसर के अजनाला इलाके से हथियारों की खेप प्राप्त की थी और इसे आगे किसी अज्ञात पार्टी को पहुंचाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि हथियारों के स्रोत का पता लगाने और नेटवर्क में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है। ऑपरेशन विवरण सांझा करते हुए, ए.आई.जी. सी.आई. पठानकोट सुखमिंदर सिंह मान ने कहा कि एक गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सुनील कुमार और दिलप्रीत सिंह कुछ अज्ञात गैंगस्टरों के संपर्क में हैं और हाल ही में उन्हें उनसे हथियारों और गोला-बारूद की खेप मिली है।

उन्होंने कहा कि इनपुट के बाद, सी.आई. पठानकोट की टीमों ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। ए.आई.जी. ने कहा कि आरोपियों द्वारा प्राप्त और वितरित की गई पिछली खेपों को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.) अमृतसर में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (2) के अंतर्गत एफ.आई.आर. नंबर 71 दिनांक 21.12.2024 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड प्राप्त करने के लिए नियत समय पर अदालत में पेश किया जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *