दर्दनाक सड़क हादसा: तेलंगाना में अनियंत्रित ट्रक ने बस को मारी जोरदार टक्कर, 20 यात्रियों की मौत, कई की हालत गंभीर

देश

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई. वहीं, कई लोगों के घायल होने की खबर है. हादसा रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुड़ा के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर तेज रफ्तार में जा रहा टिपर ट्रक एक यात्री बस से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिपर उलटकर बस के ऊपर गिर गया. इससे कई यात्री ट्रक में भरी गिट्टी के नीचे दब गए.

मृतकों में 18 यात्री, दो बस और ट्रक चालक शामिल हैं. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में एक साल के बच्चे सहित 11 महिलाएं और 9 पुरुषों की मौत हुई है. वहीं, 24 लोग घायल हैं. इनमें से पांच की हालत गंभीर है.

ट्रक ड्राइवर ने खोया नियंत्रण

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और फंसे हुए यात्रियों को निकालने में मदद की. पुलिस भी तुरंत पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी. अचानक मोड़ पर ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया.

हादसे में शामिल बस तंडूर डिपो की थी और उसमें 40 से ज्यादा यात्री सवार थे. इस दुर्घटना के कारण चेवेल्ला से विकाराबाद के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. इस हादसे में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है . अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

ट्रक में भरा था गिट्टी-रेत

ट्रक गिट्टी और रेत से भरा हुआ था. बस से टक्कर के बाद ट्रक उसके ऊपर पलट गया. ट्रक के अंदर मौजूद गिट्टी और रेत बस में यात्रा कर रहे लोगों पर गिर पड़ा. इससे बस के यात्री गिट्टी और रेत में दब गए. किसी को एक सेकंड का भी मौका नहीं मिला कि वो अपनी जान बचा सके.

घायलों को चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. घायलों को निकालने के लिए घटनास्थल पर जेसीबी को बुलाना पड़ा. जेसीबी ने बस की खिड़कियों को तोड़ा फिर लोग अंदर से निकल पाए.

घटना के बाद सीएम रेवंत ने अधिकारियों को दुर्घटनास्थल पर जाने का आदेश दिया. मुख्यमंत्री ने चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी को बस दुर्घटना में घायल सभी लोगों को तुरंत हैदराबाद ले जाने और उन्हें बेहतर इलाज प्रदान करने की व्यवस्था करने का आदेश दिया. सीएम ने उनसे उपलब्ध मंत्रियों के साथ तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के लिए कहा. सीएम ने जिला कलेक्टर को भी बचाव कार्यों को तेज करने और उसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry