गौहर महल में देखें दीपोत्सव मेला, दो जगहों पर नाटक मंचन

मध्य प्रदेश

भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। रविवार 27 अक्टूबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

सिलिका कला प्रदर्शनी – सिलिका कला और डिजाइन प्रदर्शनी का अयोजन रवींद्र भवन में किया जा रहा है। समय सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक है।

चित्र प्रदर्शनी – मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड चित्रकार संतोषी श्याम के चित्रों की प्रदर्शनी सजाई गई है। इस 54वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देख सकते हैं। इसके अलावा भारत भवन की रंगदर्शिनी दीर्घा में समकालीन महिला कलाकारों की कृतियों की प्रदर्शनी तत्व का आयोजन किया जा रहा है।

दीपोत्सव मेला – मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम की और से गौहर महल में दीपोत्सव मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 55 कारीगर अपने उत्पाद लेकर आए हैं। यहां कई तरह के होम डेकोरेटिव आइटम्स भी खरीदे जा सकते हैं। आप दोपहर 01 से रात 10 बजे तक इस मेले का अवलोकन कर सकते हैं। दीपोत्सव मेला 30 अक्टूबर तक चलेगा।

शिल्प बाजार – त्रिलंगा स्थित माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय परिसर में गांधी शिल्प बाजार का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का समय दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक है।

सैन्य फिल्म प्रदर्शन – शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर सैन्य फिल्म ‘द कैप्चर ऑफ हाजीपीर पास’ का प्रदर्शन शाम को होगा। यह फिल्म भारतीय सैनिकों द्वारा हाजीपीर पास पर कब्जे की लड़ाई पर आधारित है।

फिल्म समारोह – भारत भवन में संत-कवियों पर केंद्रित फिल्म समारोह का आज पांचवां और अंतिम दिन है। आज गुलजार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मीरा’ का प्रदर्शन शाम सात बजे से किया जाएगा। दर्शकों के लिए प्रवेश निश्शुल्क है।

नाटक मंचन – शहीद भवन में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य समारोह में आज चौथे और अंतिम दिन सीमा शर्मा के निर्देशन में नाटक ‘ऐ लड़की’ का मंचन किया जाएगा। इस नाटक का लेखक कृष्णा सोबती ने किया है। समय शाम सात बजे है। इसके अलावा रंगशीर्ष संस्था की नई प्रस्तुति नाटक ‘संत तुलसीदास’ का मंचन लिटिल बैले ट्रूप में शाम सात बजे से किया जाएगा।

दीप प्रज्ज्वलन – दीपावली के उपलक्ष्य में देश की सीमा पर तैनात जवानों का हौसला बुलंद करने के लिए और देश सेवा करते हुए बलिदानी हुए जवानों के नाम जय हिंद सेना दीप जलाएगी। रविवार शाम छह बजे शीतलदास की बगिया पर कार्यक्रम रखा गया है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry