इश्क के लिए बदल दिया धर्म! अलीगढ़ की रूबा बनी रूबी, बरेली के राजेश से मंदिर में लिए फेरे, Video जारी कर मांगी सुरक्षा

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र के गांव सहारा कलां की रहने वाली एक मुस्लिम युवती ने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया. रूबा नाम की लड़की ने अपना धर्म परिवर्तन किया और अपना नाम रूबा से रूबी रख लिया है. उसने बरेली के शाही कस्बे के रहने वाले युवक राजेश से अगस्त्य मुनि आश्रम में सात फेरे लेकर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया. ये शादी आश्रम के महंत केके शंखधार की मौजूदगी में हुई.

रूबी ने खुद वीडियो जारी कर बताया कि उसने अपनी मर्जी से धर्म बदला है और शादी की है. अब उसने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने पति की सुरक्षा की गुहार लगाई है. रूबी ने बताया कि उसके गांव के ही एक युवक की दोस्ती बरेली के शाही निवासी राजेश से थी. राजेश कई बार गांव आता-जाता रहा. इसी दौरान उसकी जान-पहचान रूबा से हो गई. शुरुआत में सिर्फ बातचीत होती थी, लेकिन वक्त के साथ-साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं. उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए और फोन पर लंबी-लंबी बातें होने लगीं.

धर्म परिवर्तन कर रचाई शादी

रूबा और राजेश दोनों चार साल से एक-दूसरे को जानते हैं. रूबा को हिंदू धर्म के संस्कार शुरुआत से अच्छे लगते थे. धीरे-धीरे उसके मन में सनातन धर्म के लिए आस्था जागी और फिर उसने जीवन भर साथ निभाने के लिए राजेश को अपना जीवनसाथी चुन लिया. रूबी ने पूरी तरह से अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया और फिर बरेली के प्रसिद्ध अगस्त्य मुनि आश्रम में राजेश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली. शादी में परंपरागत विधियों का पालन हुआ और सात फेरे लेकर दोनों एक-दूजे के हो गए.

वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा

इस शादी में आश्रम के महंत केके शंखधार खुद मौजूद थे. उन्होंने बताया कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने किसी दबाव या डर के बिना आपसी सहमति से शादी की है. शादी के बाद रूबी ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा मैं बालिग हूं. मैंने अपनी मर्जी से हिंदू धर्म अपनाया और राजेश से शादी की है. किसी ने मुझ पर कोई दबाव नहीं बनाया. मैं अब रूबी बन चुकी हूं और एक हिंदू महिला के रूप में जीवन बिताना चाहती हूं. रूबी ने आगे कहा कि उसे और उसके पति को कुछ लोगों से खतरा है. इसलिए उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा देने की मांग की है ताकि वो दोनों अच्छे से अपनी जिंदगी जी सकें.

महंत केके शंखधार ने की अपील

इस प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन को लेकर अलीगढ़ और बरेली दोनों जगहों पर चर्चा का माहौल है. कुछ लोग इसे युवाओं का अपना फैसला बता रहे हैं तो वहीं कुछ इससे नाराज भी नजर आ रहे हैं. रूबी और राजेश दोनों बरेली में अपने नए जीवन की शुरुआत कर चुके हैं. दोनों आश्रम में ही ठहरे हुए हैं. महंत केके शंखधार ने लोगों से अपील की है कि जोड़े को परेशान न किया जाए. उन्होंने कहा कि जब दो बालिग अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, तो समाज को उनका साथ देना चाहिए, न कि विरोध करना चाहिए. उन्होंने प्रशासन से भी अपील की है कि दोनों को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry