अपराध के बढ़ते ग्राफ से बलौदा बाजार के लोग नाराज, कोतवाली थाना के खटियापाटी में फिर चाकूबाजी की घटना

छत्तीसगढ़

बलौदा बाजार: त्योहार से पहले लगातार बढ़ रहे अपराध के ग्राफ को लेकर आम पब्लिक परेशान है. बीते एक हफ्ते के भीतर सुहेला, कसडोल में चाकूबाजी और मर्डर की घटनाओं से आम लोग दहशत में हैं. ताजा घटनाक्रम कोतवाली थाना इलाके का है. बीती रात घटियापाटी गांव में चाकूबाजी की वारदात में तीन युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए. एक जख्मी युवक की जहां चाकू लगने से मौत हो गई वहीं दो का इलाज अस्पताल में जारी है.

चाकूबाजी की घटना में 1 की मौत 2 जख्मी: चाकूबाजी की घटना में जान गंवाने वाला युवक और जख्मी शख्स सभी पुरानी बस्ती के रहने वाले हैं. कोतवाली पुलिस के मुताबिक चाकू लगने से हरीश शायर की मौत हुई है जबकि दीप कुर्रे को बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया है. जख्मी साहिल शायर का इलाज जिला अस्पताल बलौदा बाजार में जारी है. जख्मी साहिल शायर मृतक हरीश नायर का भाई है. साहिल ने बताया कि वो भाई को बचाने के लिए मौके पर गया था लेकिन हमलावरों ने उसे भी चाकू मार दिया. किसी तरह से वो और दीप कुर्रे आरोपियों के चंगुल से बचकर भाग निकला. जख्मी साहिल ने बताया कि उसके भाई की घटनास्थल पर ही मौत चाकू लगने से हो गई थी.

पुलिस की कार्यशैली से लोग नाराज: स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई छोटे छोटे आपराधिक गिरोह के लोग सक्रिय हैं. इन गिरोहों के डर से आम लोगों का देर शाम निकलना मुश्किल हो गया है. लोगों की शिकायत है कि अक्सर बदमाश युवक शराब के नशे में इलाके में झगड़ा करते रहते हैं.

इलाके में हुई वारदातें

27 सितंबर (सुहेला): एक रात में 3 वारदातें, 1 की हत्या

30 सितंबर (कसडोल–सेमरिया): मारपीट की घटना में 3 घायल, 1 की हालत गंभीर

4 अक्टूबर (कसडोल–देवरीकला): मारपीट की घटना में 8 घायल, धारा 307 दर्ज

17 अक्टूबर (कोतवाली–खटियापाटी): बदमाशों ने की 1 हत्या, हमले में 2 घायल

चाकूबाजी की घटना में जख्मी 2 लोगों को लेकर लोग आए थे. दो लोगों को चाकू लगने के चोट हैं. एक युवक जो अस्पताल लाया गया था उसकी यहां आने से पहले ही मौत हो चुकी थी: अशोक वर्मा, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल

मेरा भाई गांव लौट रहा था तभी रास्ते में उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया. मेरे भाई ने मुझे फोन पर घटना की जानकारी दी. मैं और एक युवक दीप यहां से भाई को बचाने के लिए गए. 30 से 35 युवकों ने मेरे भाई को घेरकर चाकू मार दिया. भाई की मौके पर ही मौत हो गई. मैं और दीप कुर्रे ने भागकर किसी से तरह से जान बचाई: साहिल शायर, जख्मी युवक और मृतक का भाई

देर रात चाकूबाजी की घटना हुई है. चाकूबाजी की वारदात में 1 युवक की मौत हो चुकी है. 2 लोग जख्मी हैं. एक जख्मी की हालत ठीक है. बदमाशों की पतासाजी की जा रही है: अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बलौदा बाजार

अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने की मांग: स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की गश्त काफी कम होती है. जिन अपराधियों के खिलाफ शिकायतें हैं उनके मामले पेंडिंग पड़े हैं. कई बादमाश राजनीतिक रसूख का भी फायदा उठाते हैं. लोग चाहते हैं कि इलाके में एक्टिव गुंडों के गिरोहों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry