तलवंडी साबो: ऐतिहासिक कस्बे तलवंडी साबो के रमन रोड पर गुरु काशी कॉलेज के नजदीक देर शाम रिफाइनरी से आ रहा गैस टैंकर पलट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि लोगों ने टैंकर चालक को मौके पर बचाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन टैंकर से गैस लीक होने की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने टैंकर पर पानी की बौछार शुरू कर दी। वहीं प्रशासन ने सभी एमरजैंसी टीमों को बुलाकर घटनास्थल पर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार हजारों लीटर भरी गैस के साथ जब गैस टैंकर गुरु काशी कॉलेज के पास पहुंचा तो अचानक उसके सामने एक आवारा पशु आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में टैंकर चालक अपना संतुलन खो बैठा और टैंकर फुटपाथ पर चढ़कर पलट गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने टैंकर चालक को बाहर निकाला और घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन टैंकर में गैस होने की बात सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष परबत सिंह व डी.एस.पी. राजेश स्नेही पहुंचे और मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने टैंकर पर पानी छिड़कना शुरू कर दिया।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सड़क के दोनों ओर यातायात बंद करवा दिया और तुरंत रिफाइनरी अधिकारियों को सूचित किया, जहां से रिफाइनरी की गैस प्लाट टीम व सेफ्टी टीम के रवाना होने की पुष्टि हुई। घटनास्थल पर पहुंचे डी.एम. हरविंदर सिंह जस्सल ने कहा कि अभी टैंकर से गैस लीक होने की सूचना नहीं है, फिर एन.डी.आर.एफ की टीम को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए घटनास्थल पर बुलाया लिया गया है।डी.एस.पी. ने बताया कि राहत टीमें सक्रिय हो गई हैं और रिफाइनरी के अधिकारियों की देखरेख में गैस टैंकर को सीधा करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इलाके के लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad