चंडीगढ़: पंजाब के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, राज्य में पराली जलाने के मामलों में कमी आई है, जिसके बाद राज्य के लोगों ने भी राहत की सांस ली है। जानकारी के मुताबिक, पराली जलाने से रोकने के लिए सरकार द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान का बड़ा असर सामने आया है। पराली जलाने की घटनाओं में 70 फीसदी की कमी आई है। यह जानकारी खुद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने एक रिपोर्ट के जरिए दी है। एन.जी. टी. ने पराली जलाने के कारण NCR में हवा प्रदूषण बढ़ने के मामले में राज्य के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई थी।
इसके बाद कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक की ओर से 26 नवंबर को रिपोर्ट भेजी गई। बताया गया कि पंजाब सरकार ने पराली जलाने से रोकने के लिए किसानों को जागरूक किया, जिसके परिणामस्वरूप धान की पराली जलाने की घटनाओं में बड़ी कमी आई है। पिछले साल 25 नवंबर को पराली जलाने के मामले 36,551 थे, जो इस बार 25 नवंबर को घटकर 10,479 रह गए हैं, जिसमें 70 फीसदी की कमी आई है।
आपको यह भी बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने पंजाब में मॉनिटर भेजे थे, जिन्होंने पराली प्रबंधन की समीक्षा की थी। गौरतलब है कि पराली जलाने के कारण राज्य में प्रदूषण का स्तर बेहद बढ़ गया था, जिसके कारण लोगों को सांस, खांसी, सर्दी और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस रिपोर्ट के आने के बाद अब लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
