देवघर: शारदीय नवरात्र की सप्तमी पूजा के साथ ही शहर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों के पट खुल गए हैं. पट खुलते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. लोग मां दुर्गा के दर्शन करने के साथ ही पंडालों की भव्य सजावट का आनंद ले रहे हैं. ऐसे में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनाए रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है.
👮♂️ प्रत्येक पंडाल पर होगी पुलिसकर्मियों की तैनाती, एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने दी जानकारी
पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए चोरी, छिनतई और छेड़खानी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इसे देखते हुए देवघर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है. शहर के प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास स्टैटिक फोर्स की तैनाती की जाएगी, जो सप्तमी से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेगी.
स्टैटिक फोर्स की तैनाती को लेकर देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि शहर के कुछ चिह्नित पूजा पंडालों के आसपास पुलिस बल तैनात रहेगा. ये जवान चार से पांच दिनों तक एक ही पंडाल के आसपास रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. प्रत्येक स्थान पर तीन से चार पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी. इसके साथ ही पूजा समितियों की ओर से नियुक्त वॉलंटियर भी सुरक्षा व्यवस्था में पूरा सहयोग करेंगे. एसडीपीओ ने बताया कि शहर के संवेदनशील स्थानों और शराबियों के जमावड़े की आशंका वाले इलाकों में भी पुलिस की तैनाती रहेगी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो.
🔄 पुलिस बल की कमी को पूरा करने के लिए बुलाए गए अतिरिक्त जवान
जिले में पुलिस बल की कमी के सवाल पर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है. अतिरिक्त जवानों के आने से जिले के विभिन्न पूजा पंडालों में पुलिस की निगरानी सुनिश्चित करने में काफी मदद मिलेगी.
पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही शहर के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ के आकलन के आधार पर सुरक्षा के और पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि विसर्जन का यह पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad