बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान कल यानी कि 11 नवंबर को होने वाला है. इससे ठीक एक दिन पहले तेजस्वी यादव ने एनडीए और चुनाव आयोग पर हमला बोला है. तेजस्वी ने आयोग पर आंकड़े छुपाने और चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए सुरक्षा बल को लेकर कई तरह के सवाल खड़े किए हैं.
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बिहार चुनाव में मेघालय तक के सुरक्षाबलों को बिहार बुलाया गया है. उनकी तैनाती इस चुनाव में की गई है. हालांकि न तो इस चुनाव में सुरक्षाबल झारखंड से बुलाया गया और न ही बंगाल से बुलाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा करके चुनाव आयोग क्या साबित करना चाहता है.
तेजस्वी ने आगे कहा कि इस चुनाव में चुनाव आयोग बीजेपी के पाप धोने में लगा हुआ है. यहां चुनाव आयोग बीजेपी के टूल के तौर पर काम कर रहा है.
महागठबंधन की बनेगी सरकार- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने अपनी पीसी में दावा किया कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा कि बिहार पूरी तरह से 20 साल की खटारा सरकार को बदलने के मूड में है. अब जब 14 नवंबर को नतीजे आएंगे, तो 18 को महागठबंधन की सरकार शपथ लेगी.
ये चुनाव में गड़बड़ी करना चाहते हैं- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह इस समय पटना में डेरा डाले हुए हैं. यहां रहकर वे होटलों के CCTV बंद करवा रहे हैं. इसके बाद चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं. चुनाव नतीजों से पहले ही उन्होंने दबाव बनाना शुरू कर दिया है. ये चुनाव में गड़बड़ी करना चाहते हैं.
तेजस्वी ने कहा कि 20 सालों में NDA सरकार ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया है. आप लोग आज क्राइम रेट देखिए कहां पहुंच गया है. अब जब हमारी सरकार आएगी तो पलायन रोकने का काम करेंगे. हर घर में नौकरी देंगे.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
