Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर कस्बे से शादी के हंगामे की एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. एक बैंकट हॉल में निकाह की रस्में चल रही थीं, लजीज पकवान परोसे जा रहे थे. लेकिन तभी दुल्हन के एक इनकार ने शादी के जश्न को जंग के मैदान में तब्दील कर दिया. मामला नूरपुर के इस्लाम नगर निवासी उस्मान के पुत्र शुऐब उर्फ बब्बू की बारात का है, जो नहटौर के नाज बैंकट हॉल पहुंची थी.
दूल्हा और दुल्हन आपस में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन हैं. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन निकाह से ठीक पहले दुल्हन ने निकाह करने से साफ मना कर दिया. दुल्हन का आरोप था कि दूल्हा पक्ष ने वादे के मुताबिक मेकअप तक का सामान नहीं दिया. दुल्हन ने दो टूक कहा कि जिसे उसकी छोटी-छोटी जरूरतों का ख्याल नहीं, उसे वह निकाह नहीं करेगी.
’12 लाख की नई कार सजाकर लाया था’
दुल्हन के इनकार के बाद दूल्हा शुऐब सदमे में आ गया. उसने मिन्नतें करते हुए कहा कि वह अपनी शादी के लिए 12 लाख की नई गाड़ी खरीद कर और उसे फूलों से सजवा कर लाया है. लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही. देखते ही देखते हंसी-खुशी का माहौल तनाव में बदल गया. दुल्हन बोली- मेरे लिए तो मेकअप का सामान भिजवाया नहीं. मैं ऐसे लड़के से शादी ही नहीं करूंगी.
जमकर चले ईंट-पत्थर, क्षतिग्रस्त हुई दूल्हे की कार
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और फिर मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते बैंकट हॉल के बाहर पथराव होने लगा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ओर से जमकर ईंटें चलीं. इस हंगामे में दूल्हे की वह नई चमचमाती कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके शीशे पथराव में टूट गए.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, बेरंग लौटी बारात
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रव कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया. मौके पर मौजूद मौलवियों और गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की काफी कोशिश की, लेकिन दुल्हन किसी भी कीमत पर शादी के लिए तैयार नहीं हुई. अंततः, चिकन-मटन और रसमलाई का लुत्फ उठाने आई बारात को बिना दुल्हन के ही बेरंग वापस लौटना पड़ा. पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित तहरीर नहीं दी है, शिकायत मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
