मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के गंभीर मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। STF ने मामले में फरार चल रहे 29 आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनाम घोषित होने के बाद STF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है, जिसके बाद अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों और गलत जानकारी के जरिए पासपोर्ट तैयार करवाए थे, जिनका इस्तेमाल कर कुछ लोग बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए विदेश भी गए थे। इस मामले में अब तक करीब 70 संदिग्ध आरोपियों को चिन्हित किया जा चुका है।
🏛️ पासपोर्ट कार्यालय और पुलिस वेरिफिकेशन भी जांच के दायरे में, होगी सख्त कार्रवाई
इस बहुचर्चित मामले में STF की नजर केवल पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पासपोर्ट अधिकारियों और दस्तावेजों का पुलिस वेरिफिकेशन करने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका भी पूरी तरह जांच के दायरे में आ गई है। STF यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट कैसे जारी किए गए और वेरिफिकेशन के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई थी या मिलीभगत थी या नहीं। STF डीआईजी राहुल कुमार लोढ़ा ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad