सागर को मिली एक और यूनिवर्सिटी की सौगात! CM करेंगे शुभारंभ, जानें कौन मंत्री पुत्र संभालेगा कमान?

मध्य प्रदेश

सागर : सेंट्रल और स्टेट यूनिवर्सिटी वाले शहर में एक और निजी यूनिवर्सिटी की शुरूआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करने जा रहे हैं. 11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में यूनिवर्सिटी का शुभारंभ होगा. इसके साथ ही यहां पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा.

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया निरीक्षण

11 मार्च से शुरू होने जा रही ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पुत्र आदित्य सिंह राजपूत द्वारा स्थापित की गयी है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. मंत्री गोविंद सिंह राजपूत कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की कमान खुद संभाले हैं. तैयारियों का जायजा लेने मंत्री गोविंद सिंह ने अधिकारियों के साथ यूनिवर्सिटी एवं रोजगार मेले के उद्घाटन स्थल का निरीक्षण किया.

शित्रा के क्षेत्र में वरदान साबित होगी ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन मार्ग सहित हेलीपैड और व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संदीप जी.आर, एसडीएम, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा “ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में वरदान साबित होगी. अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सागर में ही उपलब्ध हो सकेगी. साथ प्रतिवर्ष रोजगार मेले एवं प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं का रोजगार के अवसर पर उपलब्ध होंगे.”

11 मार्च को दोपहर साढ़े 12 पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा “हमारे लिए गर्व और खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र प्रसाद शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की उपस्थिति में शिक्षा के मंदिर का शुभारंभ होने जा रहा है. मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथि दोपहर लगभग 12: 30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे, जिसे देखते हुए बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और आवागमन की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.”