RCB बिकी 16,000 करोड़ में! 4 कंपनियों ने मिलकर खरीदी विराट कोहली की टीम; राजस्थान रॉयल्स से कई गुना महंगी, आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी डील

खेल

IPL 2026 सीजन शुरू हुआ भी नहीं है कि लीग की 2 सबसे पुरानी और चैंपियन टीमों की बिक्री हो गई है. लीग की पहली चैंपियन राजस्थान रॉयल्स के बाद अब मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को भी नए मालिक मिल गए हैं. जानकारी के मुताबिक, IPL की सबसे बड़ी ब्रांड वैल्यू वाली फ्रेंचाइजी RCB को 4 मशहूर कंपनियों के एक कॉन्सोर्टियम ने 1.78 बिलियन डॉलर यानि करीब 16,600 करोड़ रुपये की हैरतअंगेज कीमत पर खरीद लिया है. बेंगलुरु को खरीदने वाली 4 कंपनियों में भारत का मशहूर बिजनेस समूह, आदित्य बिड़ला ग्रुप सबसे प्रमुख है. इस तरह ये IPL इतिहास की सबसे महंगी टीम बन गई है.

मंगलवार 24 मार्च को एक ही दिन में IPL की दोनों बड़ी टीमों की बिक्री का ऐलान हो गया. राजस्थान रॉयल्स को अमेरिका के काल सोमानी, रॉब वॉल्टन और शीला फोर्ड हैम्प ने 1.65 बिलियन डॉलर (15,400 करोड़) में खरीदा. वहीं इसके कुछ ही देर बार डिफेंडिंग चैंपियन RCB की बिक्री की भी खबर आ गई. इन दोनों की ही बिक्री की प्रक्रिया पिछले साल के अंत में शुरू हो गई थी, जिसने तब हर किसी को हैरान कर दिया था.

इन 4 कंपनियों ने खरीदी RCB

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य बिड़ला ग्रुप के अलावा भारत के मशहूर मीडिया ग्रुप टाइम्स ऑफ इंडिया, अमेरिका की जानी-मानी इन्वेस्टमेंट फर्म ब्लैकस्टोन की स्ट्रैटेजिक इक्विटी विंग BXPE और अमेरिकी उद्योगपति डेविड ब्लिट्जर की कंपनी बोल्ट वेंचर्स के कंसोर्टियम ने पूरी 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है. इस कंसोर्टियम ने RCB को उसके मौजूदा मालिक, डिएजियो ग्रुप की कंपनी युनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से खरीदा है, जो शुरू से ही इस फ्रेंचाइजी की मालिक रही है. हालांकि दोनों ही फ्रेंचाइजी आईपीएल 2026 सीजन में मौजूदा मालिकों के अंतर्गत ही खेलेंगी और नई ओनरशिप अगले सीजन से लागू होगी.

सबसे खास बात ये है कि इस कंसोर्टियम को सिर्फ IPL ही नहीं, बल्कि WPL में RCB की महिला टीम का मालिकाना हक भी मिला है, जो इस वक्त लीग की चैंपियन है. हालांकि फिलहाल ये साफ नहीं है कि इन चारों कंपनियों में से RCB में किसकी कितनी हिस्सेदारी होगी. मगर ये जानकारी सामने आई है कि आदित्य बिड़ला ग्रुप में डाइरेक्टर और कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमान विक्रम बिड़ला RCB के चेयरमैन होंगे. वहीं टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस-चेयरमैन होंगे.

2008 में इतनी थी RCB की कीमत

2008 में IPL की शुरुआत से पहले जब BCCI ने 8 फ्रेंचाइजी की बिक्री की थी, तब किंगफिशर के मालिक विजय माल्या ने बेंगलुरु को 111.60 मिलियन डॉलर यानि उस वक्त के करीब 455 करोड़ रुपये में खरीदा था. तब ये फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (456 करोड़) के बाद दूसरी सबसे महंगी टीम बनी थी. हालांकि, इसके बाद जहां RCB को अपने पहले खिताब के लिए 18वें सीजन तक इंतजार करना पड़ा लेकिन फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ती रही और इसका ही नतीजा है कि अब इसके लिए इतनी ऊंची बोली लगी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry