न सप्लीमेंट्स न दवाईयां, शाकाहारी भोजन के दम पर बनाई नेचुरल बाॅडी, USA में बिखेंरेंगे जलवा

मध्य प्रदेश

सागर: आज के दौर में बाॅडी बिल्डिंग का शौक युवाओं में इस कदर चढ़ा है कि किसी माॅडल या फिल्मी एक्टर की तरह बाॅडी बनाने के लिए युवा कोई भी तरीका आजमाने के लिए तैयार है. तरह-तरह के एनाबॉलिक स्टेरॉयड और दवाईयों के उपयोग से जल्द ही बाॅडी बनाने के फेर में युवा अपना शरीर बर्बाद कर रहे हैं और कई बीमारियों को न्यौता दे रहे हैं, लेकिन ऐसे में सागर के एक युवा आदर्श सूर्यवंशी इन युवाओं के लिए मिसाल बनकर उभरे हैं. जिन्होंने शाकाहारी भोजन के दम पर 8 साल की कड़ी मेहनत के बाद अपनी बाॅडी को नेचुरल तरीके से तैयार किया है और इसी साल के अंत में मसल मैनिया कार्यक्रम में अपनी बाॅडी का जलवा बिखेरने लाॅस एंजिल्स जाने वाले हैं.

कौन है आदर्श सूर्यवंशी

आदर्श सूर्यवंशी की बात करें, तो एक पुलिस परिवार से ताल्लुक रखने वाले आदर्श चौरसिया के पिता का देहांत हो चुका है. उनकी मां मध्य प्रदेश पुलिस में प्रधान आरक्षक पद पर कार्यरत है. एक समय था कि आदर्श चौरसिया का वजन 100 किलो के ऊपर हो गया था. वो लोगों में मजाक के पात्र बन गए थे. वजन कम करने के लिए उन्होंने तरह-तरह के जतन किए, लेकिन सफलता नहीं मिली. आदर्श शाकाहारी है और मोटापे के चलते उन्होंने तेल, घी और मीठा खाना बंद कर दिया.

लंबी दौड़ लगाई और जिम ज्वाइन किया, फिर भी उनका वजन 100 किलो कायम रहा, लेकिन बिना किसी सप्लीमेंट्स और एनाबॉलिक स्टेरॉयड के नैचुरल बाॅडी डेवलप की. हालांकि इसके लिए उन्हें करीब 8 साल का समय लगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. नेचुरल तरीके से बाॅडी बनाने के कारण उनकी चारों तरफ वाहवाही होने लगी और फिर वो मुंबई जैसी जगह में जिम ट्रैनर के तौर पर काम भी करते रहे, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उन्हें सागर वापस आना पड़ा.

मसल मैनिया नेचुरल बाॅडी बिल्डिंग और फिटनेस संगठन

जहां तक नैचुरल बाॅडी बिल्डिंग की बात करें, तो मसल मेनिया (Muscle Mania) नाम का बाॅडी बिल्डिंग और फिटनेस संगठन प्राकृतिक तरीके से फिटनेस और बाॅडी बिल्डिंग को बढ़ावा देने के लिए दुनिया के करीब 50 देशों में काम करता है. मसल मैनिया संगठन को 45 साल हो चुके हैं और पिछले 6 साल से भारत में भी मसल मैनिया प्रतियोगिता आयोजित कराता है. इसके तहत फिटनेस, स्पोर्ट्स और नैचुरल बाॅडी बिल्डिंग में कई देशों में कंपटीशन भी आयोजित कराए जाते हैं.

आदर्श सूर्यवंशी बताते हैं कि “भारत में मसल मैनिया नैचुरल बाॅडी बिल्डिंग और फिटनेस को प्रमोट करता है. ये दुनिया के अलग-अलग देशों में होता है और हमारे यहां हर साल दिसंबर में कराया जाता है. नेचुरल बाॅडी बिल्डिंग में एनाबॉलिक स्टेरॉयड या दूसरी दवाईयों का उपयोग नहीं कर सकते हैं. इसमें जिम और डाइट के जरिए बाॅडी बनाई जाती है. जब इसका कंपटीशन होता है, तो बाकायदा ब्लड और डोप टेस्ट होता है. जिसमें एनाबॉलिक स्टेरॉयड का उपयोग पाए जाने पर प्रतियोगिता से हटा दिया जाता है.

वर्कआउट और डाइट के जरिए 8 साल में बनायी बाॅडी बिल्डिंग

आदर्श सूर्यवंशी बताते हैं कि इस तरह से बाॅडी बनाना काफी कठिन है. करीब 8 साल की मेहनत के बाद मैं नेचुरल तरीके से बाॅडी बिल्डिंग कर पाया. नेचुरल बाॅडी बिल्डिंग की खासियत ये है कि इसमें बिना किसी सप्लीमेंट्स और एनाबॉलिक स्टेरॉयड के उपयोग के बिना बाॅडी बिल्डिंग करना होती है. फिट रहने के लिए वर्कआउट और डाइट के जरिए बाॅडी बनाते हैं. मैनें करीब 8 साल लगातार वर्कआउट किया और डाइट के जरिए बाॅडी बनायी है.

मैं शाकाहारी हूं, इसलिए डाइट में पनीर, दही, सोयाबीन प्रोडक्ट, चावल और दूध वगैरह लेता हूं. आदर्श कहते हैं कि आज की युवा पीढ़ी टेलीविजन और फिल्मों से प्रभावित होकर जल्द बाॅडी बनाने के चक्कर में सप्लीमेंट्स और एनाबॉलिक स्टेरॉयड का उपयोग करते हैं, इस तरह की बाॅडी जल्दी बन जाती है, लेकिन उसके कई नुकसान होते हैं. इसके साथ ही शरीर के आंतरिक अंगों को भी नुकसान होता है.

अमेरिका में दिखाएंगे नेचुरल बाॅडी का जलवा

मसल मैनिया ने दिसंबर में दिल्ली में नेचुरल बाॅडी बिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित करायी थी. जिसमें 950 लोगों ने हिस्सा लिया था, इस प्रतियोगिता में मुझे गोल्ड मेडल हासिल हुआ है और प्रो कार्ड मिला है. इसके तहत अब मुझे दिसंबर 2026 में लाॅस एंजिल्स में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेने मिलेगा. जिसकी तैयारी में अभी से कर रहा हूं.”