रील के चक्कर में बने घनचक्कर, व्यूज के लिए इन्फ्लुएंसर का हाई क्लास ड्रामा, आगे शॉकिंग दी एंड

मध्य प्रदेश

सागर: सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र के रजवांस में रहने वाले एक युवक को रील बनाना भारी पड़ गया. युवक ने सोशल मीडिया पर लाइक एवं व्यूज बढ़ाने के उद्देश्य से कीटनाशक की खाली डिब्बी को साफ करने के बाद उसमें गाय का दूध भरकर पीने का वीडियो बनाया. वीडियो बनाते समय युवक ने जहरीला पदार्थ सेवन दर्शाते हुए सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था. पुलिस ने तत्काल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर की जांच में उसे स्वस्थ बताया गया. पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई
बांदरी पुलिस को साइबर कंट्रोल से सूचना मिली कि, संजय पिता कमलेश विश्वकर्मा, निवासी रजवांस द्वारा स्वयं के द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या करने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है. इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई.

कीटनाशक की खाली डिब्बी में भरा था गाय का दूध
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही बांदरी पुलिस हरकत में आ गई और बिना देर किए हुए युवक के घर पर पहुंची. पुलिस की पूछताछ के दौरान संजय विश्वकर्मा ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर लाइक एवं व्यूज बढ़ाने के उद्देश्य से कीटनाशक की खाली व साफ डिब्बी में गाय का दूध भरकर पीने का वीडियो बनाया एवं उसे जहरीला पदार्थ सेवन दर्शाते हुए सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था.

पुलिस युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची
तथ्यों की पुष्टि एवं स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर पुलिस संजय विश्वकर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालथोन लेकर पहुंची. जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर द्वारा परीक्षण उपरांत उसे पूर्णतः स्वस्थ घोषित किया गया. घटना के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि सोशल मीडिया पर फैलाया गया वीडियो पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन एवं जनमानस में भय उत्पन्न करने वाला था.

पुलिस ने लोगों से की अपील
सागर पुलिस ने सभी लोगों से अपील की है कि, ”सोशल मीडिया पर भ्रामक, झूठी या सनसनीखेज पोस्ट न करें. इस प्रकार की पोस्ट से आपका एवं अन्य लोगों का जीवन खतरे में पड़ सकता है. सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध दंडात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही की जा सकती है.”

तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया है
खुरई एसडीओपी सचिन परते ने बताया कि, ”कंट्रोल रूम से जानकारी मिलने के बाद तत्काल बिना देर किए हुए पुलिस हरकत में आ गई. टीम ने युवक को अस्पताल पहुंचाया और जांच के बाद उस पर मामला दर्ज किया गया है.”