पंजाब में फिर ‘गैंगवार’ जैसी वारदात! कार सवार हमलावरों ने युवक को सरेआम मारी गोलियां; अंधाधुंध फायरिंग से थर्राया इलाका

पंजाब

मोगा: मोगा शहर में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में कुलजीत सिंह नाम का एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए लुधियाना के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, वेदांत नगर का रहने वाला कुलजीत सिंह कल देर रात अपने दोस्त के साथ टोल बूथ नंबर 3 के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार सवार कुछ अनजान युवकों ने अचानक उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली कुलजीत के पैर में लगी और हमलावर घटना को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए।

इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सवार युवक कुलजीत सिंह पर फायरिंग करते और फिर मौके से भागते हुए देखे जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और दावा किया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।