बीजापुर: नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के थाना भैरमगढ़ अंतर्गत इन्द्रावती क्षेत्र के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर बीजापुर से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम ने आज सुबह से सर्च ऑपरेशन शुरू किया. सर्च अभियान के दौरान DRG जवानों और माओवादियों का आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से रुक रुककर फायरिंग शुरू हो गई.
ASP चंद्रकांत गवर्ना ने पुलिस नक्सली मुठभेड़ की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि अभियान अभी जारी है इसलिए सुरक्षा कारणों से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती. नक्सल ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी, बरामदगी और संभावित परिणामों को साझा किया जाएगा.
अतिरिक्त सुरक्षाबल अलर्ट पर
इलाके की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं. जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुठभेड़ स्थल के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके. DRG के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल किसी तरह के नुकसान या हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
बीजापुर में लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरी तरह रणनीतिक योजना के तहत चलाया जा रहा है और जवानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं और यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है. फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जंगल के आसपास बसे गांवों के ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र की ओर न जाने की अपील की गई है.
गुरुवार को सुकमा में हुई मुठभेड़
बीते दिन सुकमा के गोलापल्ली क्षेत्र के गोंदीगुड़ा के जंगल में डीआरजी के सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में महिला माओवादी सहित तीन नक्सली मारे गए. दो पुरुष नक्सली एसीएम रैंक के इनामी माओवादी थे.
