Crime News: घर का लाड़ला ही निकला चोर! मां-बहन के जेवर चुराकर खुद ही पुलिस के पास पहुंच गया शिकायत दर्ज कराने

मध्य प्रदेश

रतलाम: वैसे तो मध्य प्रदेश में आए दिन चोरी के मामले सामने आते रहते हैं. लेकिन यह मामला थोड़ा अलग है. यहां चोरी करने वाला घर का लाड़ला बेटा ही निकला. आलोट थाना पुलिस ने 5 दिन पूर्व हुई सोने के आभूषण चोरी के मामले में बड़ा खुलासा किया है. घर में बंटवारा नहीं किए जाने से नाराज बेटे ने ही मां और बहन के सोने के जेवर चोरी कर लिए थे. इसके बाद आलोट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके रतलाम स्थित किराए के घर से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं.

चोरी की रिपोर्ट लिखवाने खुद थाने पहुंचा आरोपी
आलोट थाना क्षेत्र के पिपलिया सिसोदिया गांव का यह मामला है. जहां आरोपी राहुल पाटीदार खुद अपने भाई के साथ थाने पर घर में हुई सोने के आभूषण की चोरी की शिकायत दर्ज करवाने पहुंचा था. लेकिन 5 दिनों बाद पुलिस ने खुलासा किया कि राहुल पाटीदार ने ही घर से सोने के जेवर चुराए थे. यह सुनकर मां और बहन के पैरों के नीचे से जमीन ही खिसक गई, उन्हें यकीन नहीं हो रहा घर का बेटा ऐसा कर सकता है. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

घर वाले बंटवारा नहीं कर रहे थे इसलिए चुराए आभूषण
चोरी और फैमिली ड्रामा का यह मामला आलोट पिपलिया सिसोदिया गांव का है. आलोट थाना प्रभारी मुनिंद्र गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि, ”फरियादी कन्हैयालाल पाटीदार ने भाई राहुल पाटीदार के साथ थाने पर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 3 अप्रैल को रात में उसके घर से उसकी मां एवं बहन के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं. मामले की जांच में पता चला कि राहुल पाटीदार बीते 4 सालों से रतलाम में किराए के मकान में रह रहा है. घटना की रात उसे गांव में देखा गया था जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया.

पुलिस ने किए गहने बरामद
आलोट थाना पुलिस ने चोरी के आभूषण आरोपी के काटजू नगर स्थित किराए के मकान से बरामद कर लिए हैं. पूछताछ में ही आरोपी ने बताया कि घर वाले जमीन जायदाद में हिस्सा पाती नहीं कर रहे थे जिससे नाराज होकर उसने यहां कदम उठाया है. आलोट थाना पुलिस ने घर में ही चोरी करने वाले राहुल पाटीदार को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry