बालोद: गुरूर थाना अंतर्गत ग्राम बोहारडीह में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. रात करीब 1 बजे एक अनियंत्रित ट्रक ने घर के बाहर खाट लगाकर सो रहे ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
नींद के कारण हुआ हादसा
ग्राम बोहारडीह निवासी पन्नालाल बंजारे रात में अपने घर के बाहर खाट लगाकर सो रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उसके ऊपर चढ़ गया, खाट सहित व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गया, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने घर के बाहर लगे टीन शेड को भी पूरी तरह तोड़ दिया. आगे जाकर ट्रक एक गड्ढे में फंस गया.
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सरपंच राजेंद्र साहू और अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे ड्राइवर को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गुरूर पुलिस को दी. सरपंच ने बताया कि रात को हादसे की जोरदार आवाज आई, जिसके बाद लोग घरों से निकले तो देखा कि ट्रक ने हाहाकार मचाकर रख दिया है. बुजुर्ग को रौंदने के साथ ही टीन शेड उखाड़कर बिजली का पोल भी ध्वस्त कर दिया. जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई. ड्राइवर ने नींद की झपकी आने के कारण गाड़ी से नियंत्रण खोना बताया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए गुरूर थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की गई. आरोपी ड्राइवर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad